अमरोहा। रक्षाबंधन पर बहनों की राखी भाइयों तक सुरक्षित और समय से पहुंचाने के लिए डाक विभाग ने खास तैयारी की है। विभाग की ओर से राखी बाय स्पीड पोस्ट विशेष लिफाफा जारी किया गया है। यह लिफाफा जल्द ही अमरोहा के डाकघरों में उपलब्ध होगा। इसके लिए प्रधान डाकघर से डिमांड भेजी गई है।
प्रधान डाकघर के पोस्ट मास्टर अमित प्रकाश यादव ने बताया कि विशेष राखी लिफाफा रंगीन और वाटरप्रूफ है। इसे बारिश और नमी से राखी को सुरक्षित रखने के लिए तैयार किया गया है। रक्षाबंधन के दौरान राखियों की अधिक बुकिंग को देखते हुए इनके सुरक्षित रखरखाव और हैंडलिंग की भी व्यवस्था की गई है।
विशेष राखी लिफाफे की कीमत 10 रुपये निर्धारित है। इसमें केवल लिफाफे का शुल्क शामिल है, जबकि राखी भेजने का डाक शुल्क अलग से देना होगा। बहनें इसमें राखी रखकर स्पीड पोस्ट या साधारण डाक से देश के किसी भी हिस्से में भेज सकेंगी। इससे बारिश के मौसम में राखी खराब होने की चिंता भी कम होगी।
रंगीन और वाटरप्रूफ राखी लिफाफे की डिमांड भेजी गई है। जल्द ही लिफाफे उपलब्ध होने की उम्मीद है। 10 रुपये के इस लिफाफे में राखी रखकर बहनें स्पीड पोस्ट के माध्यम से देशभर में कहीं भी भेज सकेंगी।
-अमित प्रकाश यादव, पोस्ट मास्टर, प्रधान डाकघर