मुरादाबाद। रेलवे में सफर के दौरान यात्रियों को सुरक्षित और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के लिए आईआरसीटीसी ने भारतीय गुणवत्ता परिषद (क्यूसीआई) के साथ समझौता किया है। इसके तहत ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों की खानपान इकाइयों का निरीक्षण किया जाएगा। इस पहल से मुरादाबाद मंडल से गुजरने वाली ट्रेनों और यहां के रेलवे स्टेशनों पर खानपान सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
समझौते के तहत क्यूसीआई के निरीक्षक बिना पूर्व सूचना के हर तीन और छह महीने में जांच करेंगे। इसमें भोजन की गुणवत्ता, रसोई की सफाई और खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के नियमों के पालन की जांच होगी। जांच प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। निरीक्षक मोबाइल एप के जरिये तस्वीरें खींचेंगे और निरीक्षण का समय व स्थान दर्ज करेंगे। जांच रिपोर्ट 24 घंटे के भीतर जमा करनी होगी। कमियां मिलने पर संबंधित खानपान संचालकों से सुधार कराया जाएगा और कार्रवाई की निगरानी भी होगी। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों की चिकित्सा संबंधी उपयुक्तता, साफ वर्दी, सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल, खाद्य सामग्री का भंडारण और कीट नियंत्रण व्यवस्था भी परखी जाएगी। शाकाहारी और मांसाहारी कच्ची सामग्री को अलग रखने तथा भोजन को उचित तापमान पर सुरक्षित रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि इस व्यवस्था का उद्देश्य रेलवे की खानपान सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ाना, लापरवाही पर अंकुश लगाना और यात्रियों को स्वच्छ व सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना है।