फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: अधूरे काम की समस्या का हो हल, तभी मिले साफ जल

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। जनपद में जल जीवन मिशन भीषण गर्मी के बीच भी लोगों की प्यास बुझाने में सहायक नहीं बन सका। जिले के ज्यादातर गांवों में मिशन के कामों पर अधूरेपन का ग्रहण लग गया है। जहां पाइप लाइन, नलकूप के काम हो गए, वहां भी ओवरहेड टैंक की सुध नहीं ली गई। ग्रामीण बताते हैं कि मिशन के कामों की न निगरानी है, न अनदेखी करने वालों से कोई पूछताछ। इसके चलते घरों तक साफ पानी पहुंचाने के दावे सच नहीं हो सके।
विज्ञापन


00



टैंक बना नहीं, कमरे में बांधी जा रहीं बकरियां

ठाकुरद्वारा। ग्राम पंचायत लौंगीकला और इसी पंचायत के गांव बादरझल्ला में इस गर्मी के सीजन में भी ग्रामीणों को साफ पानी का इंतजार है।

दोनों गांवों में फरवरी 2023 को जल जीवन मिशन के अंतर्गत काम शुरू हुआ था। सड़कों को पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदा गया था। दोनों गांवों में 843 घरों में कनेक्शन देने थे लेकिन पूरे गांव के सभी ग्रामीणों को कनेक्शन नहीं मिल सके। काम के नाम पर सिर्फ एक बोरिंग का निर्माण हुआ है। टैंक का निर्माण नहीं किया गया है। टैंक के परिसर में बने कमरे में लोग बकरी बांध देते हैं। वहां भूसा भी रखा है।

बादरझल्ला निवासी दिनेश कुमार ने बताया कि डेढ़ वर्ष से काम बंद है। इसी गांव के यशपाल सिंह बोले, कुछ घरों में कनेक्शन दिए थे लेकिन वहां भी पानी नहीं आया। गांव लौंगीकला निवासी बलबीर सिंह का कहना है कि पाइप लाइन के लिए खोदी सड़कों की मरम्मत नहीं की। इससे आवाजाही में परेशानी आ रही है। संवाद
विज्ञापन


-

मनकूला में साल भर से रुका है काम

बिलारी। मनकूला गांव में साल भर से जल जीवन मिशन का काम रुका है। गांव में नलकूप का काम पूरा हो चुका है लेकिन ओवरहेड टैंक का निर्माण अधूरा है। मनकूला के प्रधान मोहम्मद आकिल हुसैन सैफी ने बताया कि ओवरहेड टैंक के आधे हिस्से का निर्माण करके काम रोक दिया गया। पाइप लाइन से सीधे जलापूर्ति की तो पानी का प्रेशर कम होने और लाइन में लीकेज की समस्या सामने आ गई। गांव निवासी चौधरी उरमान सिंह ने ओवरहेड टैंक निर्माण जल्द पूरा करने और उससे जलापूर्ति शुरू कराने की मांग की है। संवाद



पाइप लाइन बिछाई, टैंक पर नहीं ध्यान

सुरजन नगर। तीन वर्ष पूर्व तीन गांव पिपली अहीर, पिपली घनश्याम व बंधे वाली मुड़िया में जल जीवन मिशन का कार्य प्रारंभ किया गया था। पिपली अहीर में लगभग दो साल पहले बोरिंग करा दिया। तीनों गांवों में पाइप लाइन डालकर आधे से अधिक घरों में कनेक्शन कर दिए गए। इसके बाद काफी समय से कार्य बंद बंद है। ग्रामीण सवाल उठा रहे हैं कि बिना ओवरहेड टैंक निर्माण के इन हो चुके कामों का क्या लाभ। बिना टैंक के साफ पानी का ख्वाब कैसे पूरा हो सकता है। संवाद

-

पिलर बनाए, ओवरहेड टैंक का अता-पता नहीं

कांठ। गांव डेहरा में जल जीवन मिशन का कार्य एक साल से बंद है। नतीजे में ग्रामीण घर में स्वच्छ पेयजल धारा का इंतजार ही कर रहे हैं।

गांव में ओवरहेड टैंक के लिए पिलर खड़े करके काम बंद कर दिया गया। पूरे गांव में पाइप लाइन भी नहीं बिछाई गई। ग्रामीण मान सिंह, जबर सिंह, सूरज सिंह ने बताया कि रास्तों की खोदाई की लेकिन पाइप लाइन बिछाने का काम पूरा नहीं किया। घरों में पानी आज तक नहीं आया। गांव के ही जौली सिंह, निपेंद्र सिंह ने कहा कि रास्तों पर खोदे गए गड्ढों को ग्रामीणों ने खुद भरा। ओवरहेड टैंक बना नहीं। एक साल से काम बंद है। ग्रामीणों ने ओवरहेड टैंक और नलकूप का स्थान चयन भी संतोषजनक न होने की बात कही है। संवाद

-

-



रसूलपुर चौहरा में नलकूप बना, पाइपलाइन भी बिछी पर ओवरहेड टैंक बनाना भूले



कांठ। छजलैट के रसूलपुर चौहरा में जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीणों के घरों तक पीने का साफ पानी पहुंचाने के लिए करीब डेढ़ साल पहले काम शुरू हुआ था। नलकूप करके उसका कमरा बना दिया, गांव में पाइपलाइन भी बिछा दी, ज्यादातर घरों तक टोंटी के पाइप भी लगाए लेकिन अब तक ओवरहेड टैंक ही नहीं बन पाया। एक साल से यहां काम बंद है। कुछ लोगों ने नलकूप की कोठरी के बरामदे में उपले और लकड़ी रख दी है। गांव के पूर्व प्रधान अबरार, नोशे खां और राशिद, कलुआ, सरकार अली, मुसर्रत अली आदि ने बताया कि ओवरहेड टैंक नहीं बनाया गया है। ग्रामीणों ने कहा कि अब पिछले एक साल से काम बंद है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के चलते जरूरत को देखते हुए पानी की सप्लाई शुरू होनी चाहिए।



ओवरहेड टैंक बने तो पानी मिले

कुंदरकी। जल जीवन मिशन के अधूरे काम ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को साफ पानी देने में बड़ा रोड़ा बन गए हैं। ग्राम पंचायत हरियाना के 11 हजार बाशिंदे गर्मी में साफ पानी के लिए जूझ रहे हैं।

हरियाना में मिशन के तहत बनने वाले ओवरहेड टैंक के लिए काफी समय पहले गहरा गड्ढा खोदा गया था। इससे आगे काम की जरूरत ही नहीं समझी। नलकूप संचालन के लिए कोठरी बनी थी लेकिन इसके संचालन को सोलर सिस्टम नहीं लगा।

गांव में रहने वाले जावेद मुगल का कहना है कि गांव में करीब दो साल पहले हर घर जल पहुंचाने की बात कहते हुए काम शुरू किया था। बीच में काम रोक देने से अब तक कोई फायदा नहीं मिला। छत्रपाल सिंह का कहना कि घरों में साफ पानी की आपूर्ति जल्द शुरू होनी चाहिए। इसके लिए ओवरहेड टैंक निर्माण और सोलर सिस्टम का काम जल्द पूरा कराया जाए। संवाद


ओवरहेड टैंक बनने के ढाई साल बाद भी पानी की सप्लाई नहीं

डिलारी। ग्राम पंचायत महमूदपुर लाल में जलजीवन मिशन से जुड़े काम पूरे नहीं हुए हैं। ओवरहेड टैंक बने लगभग ढाई साल हो गए लेकिन अभी तक पानी की सप्लाई नहीं की जा रही है। गांव के ग्राम प्रधान धर्मपाल सिंह ने बताया कि गांव में पाइपलाइन डाल दी गई है। पाइप लाइन को जोड़ने का कार्य नहीं हुआ है। बोरिंग की टेस्टिंग भी हो गई है। सोलर प्लांट लगाने की जगह नहीं होने के कारण विभाग बिजली कनेक्शन करा रहा है। योगेन्द्र पाल सिंह का कहना है कि ओवरहेड टैंक का निमार्ण हुए लगभग ढाई साल बीत गए है। पर गांव में डाली गई पाइपलाइन को नहीं जोड़ा गया है। जिस कारण शुद्ध पानी की उम्मीद फेल होती नजर आ रही है। नदीम अहमद का कहना है कि हमारे मोहल्ले में पाइप लाइन नहीं डाली गई है। शारूख का कहना है कि गांव में पाइप लाइन डाल दी गई हैं। अधिकतर घरों में कनेक्शन नहीं किए गए है।
विज्ञापन




000000000000000
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें