ठाकुरद्वारा। क्षेत्र में डंपरों से हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए डंपरों के दिन में चलने पर रोक की मांग काफी समय से की जा रही है लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। करीब तीन वर्ष पूर्व मुस्लिम इंटर कॉलेज के पास नगर निवासी युवक की डंपर से कुचलकर मौत हो गई थी, तब लोगों ने जाम लगाया था और डंपरों को दिन में चलने पर रोक लगाने की मांग तत्कालीन सीओ से की गई थी।
तब सीओ ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पाल ने कई बार इस मामले को समाधान दिवस में उठाया। एसडीएम से भी शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई है। बुधवार को मुरादाबाद हाईवे पर दुर्घटना में डंपर की टक्कर से पांच लोगों की मौत के बाद विधायक नवाब जान खां ने इस मामले को अस्पताल में पहुंचे सीओ के समक्ष उठाया था जिस पर सीओ ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था लेकिन दूसरे दिन भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। विधायक ने बताया कि उन्होंने बृहस्पतिवार को भी इस संबंध में सीओ से बात की है। सीओ ने उन्हें शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है।