मंडी समिति एकता कालोनी में बारिश से गिरा पेड़।
मुरादाबाद। लगातार हुई बारिश से शहर में जगह-जगह पानी भर गया। इस वजह से अंडर ग्राउंड लाइन में फाल्ट के कारण बिजली आपूर्ति ठप हो गई। करीब दस घंटे आधे शहर में बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली विभाग की टीमों ने मशकक्त के बाद फाल्ट ठीक किए। इसके बाद ही बिजली आपूर्ति शुरू हो सकी।
शुक्रवार रात देर से शुरू हुई बारिश शनिवार को भी रुक रुककर होती रही। इस वजह से शहर में जगह-जगह पानी भर गया था। दौलत बाग, तहसील स्कूल, नागफनी, नवाबपुरा, किसरौल में शनिवार सुबह चार बजे बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई थी।
दिल्ली रोड, मझोली, मिलन विहार, मानसरोवर कॉलोनी, कांशीराम नगर, बंगला गांव, झब्बू का नाला, कंजरी सराय, बुध बाजार, टाउन हाल, पीटीसी, कांठ रोड, दीनदयाल नगर, रामगंगा विहार, अवंतिका कॉलोनी में बिजली आपूर्ति बाधित रही।
अधिशासी अभियंता एसके सिंह ने बताया कि आपूर्ति बाधित होने से कुछ जगह दिक्कत आई थी। लाइनों को दुरुस्त कराने के बाद बिजली आपूर्ति शुरू करा दी गई है।