मुरादाबाद। अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी परिवारों को 20 से 30 जून तक मुफ्त गेहूं और चावल का वितरण किया जाएगा। जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत द्वितीय चक्र के मुफ्त राशन वितरण को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि सभी अंत्योदय कार्ड धारकों को प्रति कार्ड 20 किलोग्राम गेहूं, 15 किलोग्राम चावल विक्रेता द्वारा निशुल्क वितरण किया जाएगा। समस्त पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों को प्रति यूनिट 3 किलोग्राम गेहूं, 2 किलोग्राम चावल विक्रेता द्वारा निशुल्क वितरित किया जाएगा। अंत्योदय श्रेणी के कार्ड धारकों को प्रतिकार्ड माह अप्रैल 2021 से जून 2021 के सापेक्ष 3 किलोग्राम चीनी का वितरण 18 रुपये प्रति किलो की दर से किया जाएगा।
चीनी वितरण के संबंध में पोर्टेबिलिटी सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। अंत्योदय राशन कार्ड धारकों को अपनी मूल उचित दर दुकान से ही चीनी प्राप्त करनी होगी। राशन की दुकान पर सैनिटाइजर अथवा साबुन पानी की व्यवस्था संबंधित विक्रेता द्वारा सुनिश्चित की जाएगी। कार्ड धारक द्वारा सैनिटाइजर अथवा साबुन पानी से हाथ धोने के उपरांत ही ई-पॉस मशीन पर बायोमेट्रिक पहचान हेतु अंगूठा लगाया जाएगा।
सभी उचित दर विक्रेता मास्क, गमछा अथवा रुमाल से मुंह ढककर ही खाद्यान्न का वितरण करेंगे। सभी अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों द्वारा खाद्यान्न प्राप्त करते समय मास्क, गमछा अथवा रुमाल का प्रयोग नहीं मिला तो संबंधित के विरुद्ध धारा 188 के तहत कार्रवाई की जाएगी।