मुरादाबाद। गाजियाबाद से सीतापुर तक बिछाई जाने वाली तीसरी और चौथी रेल लाइन के लिए मुरादाबाद में जमीन चिह्नित कर ली गई है। जिले के 47 गांवों की 190.53 हेक्टेयर जमीन नई रेल परियोजना की जद में आएगी। रेलवे ने फाइनल सर्वे के आधार पर गाटा संख्या समेत जमीनों की रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंप दी है। अब राजस्व विभाग खसरा-खतौनी से गाटा संख्या का मिलान कर जमीन के स्वामियों और भूमि की प्रकृति का सत्यापन करेगा। इसके बाद अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
रेलवे की यह परियोजना गाजियाबाद से मुरादाबाद, बरेली और सीतापुर तक करीब 403 किलोमीटर लंबी तीसरी-चौथी रेल लाइन के रूप में विकसित की जानी है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने परियोजना को मंजूरी दी है। परियोजना की लागत करीब 14,926 करोड़ रुपये है। नई लाइन बनने से मौजूदा रेल मार्ग पर ट्रेनों का दबाव कम होगा और यातायात क्षमता बढ़ेगी। मुरादाबाद जिले में चिह्नित जमीन में सदर तहसील के 36 और बिलारी तहसील के 11 गांव शामिल हैं। सर्वे रिपोर्ट में कुल 190.53 हेक्टेयर जमीन चिह्नित की गई है। इसमें 9.8 हेक्टेयर सरकारी और 79.93 हेक्टेयर निजी जमीन शामिल है। अन्य जमीनों की स्थिति का निर्धारण राजस्व अभिलेखों के सत्यापन के बाद किया जाएगा। रेलवे ने प्रत्येक चिह्नित जमीन का गाटा नंबर रिपोर्ट में दिया है। अब तहसील स्तर पर इन गाटों का खसरा-खतौनी से मिलान किया जाएगा। इससे यह तय होगा कि कौन सी जमीन किस व्यक्ति के नाम दर्ज है। सरकारी भूमि को अलग रखने के बाद निजी और अन्य श्रेणी की भूमि के अधिग्रहण की कार्रवाई की जाएगी। प्रस्तावित रेल लाइन के रास्ते में जगह-जगह नए स्टेशन भी बनाए जाएंगे। नई लाइन का उद्देश्य मौजूदा दिल्ली-लखनऊ रेल मार्ग पर बढ़ते दबाव को कम करना है। नई लाइन से यात्री और मालगाड़ियों के संचालन के लिए अतिरिक्त मार्ग उपलब्ध होगा।
इन गांवों से होकर गुजरेगी लाइन
सदर तहसील के गजगोला नानकबाड़ी, महलकपुर माफी, बकैनियान, हसमपुर गोपाल, समाथल, लोधीपुर राजपूत, बागड़पुर, चक गिंदौड़ा, गिंदौड़ा, उमरी, अक्का पत्तू हाफिजपुर, जैतपुर बिसाहट, चमरपुरा दान, चमरौआ, दलपतपुर, दलौरा, देवलारी, देवापुर एहतमाली, देवापुर खास, धतूरा मैगा नगला एहतमाली, धतूरा मैगा नगला, डिलारी, डिल्ला रायपुर, गनेशघाट, हरसेनपुर, जगतपुर रामराय, जगतपुर रामराय एहतमाली, कल्लानपुर, मछरिया, मूंढापांडे, चकदेह सिन्हा, नियामतपुर इकरौटिया, सिहारिया, सिहोराबाजे और सिरसा इनायतपुर शामिल हैं। बिलारी तहसील के रुस्तमपुर सराय, वीरपुर, सब्जीपुर, अजमतपुर, मालीपुर, रतनपुर कलां, फरीदपुर, हमीरपुर, मोहम्मदपुर बस्तौर, नानपुर और ऊंचाकानी गांव शामिल हैं।
वर्जन
नई रेल परियोजना के लिए सर्वे रिपोर्ट मिली है। तहसील से गाटा संख्या का मिलान कर रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। इस मामले में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
- युवराज सिंह, जिला विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी