सिविल लाइंस में बदमाशों ने मंगलवार को सराफ पिता-पुत्र से तमंचे के बल पर सोने-चांदी के जेवर और नकदी से भरा बैग लूट लिया। घटना के समय पिता-पुत्र घर से दुकान जा रहे थे। बैग में सात किलो चांदी, पचास ग्राम सोना और छह हजार रुपये थे। बदमाशों के जाने के बाद पिता-पुत्र ने शोर मचाया तो लोग मौके पर जुट गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित पिता-पुत्र से पूछताछ की और बदमाशों की तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई।
सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के हरथला रेलवे स्टेशन कालोनी निवासी अक्षय वर्मा ने पुलिस को बताया कि कि लोदीपुर में बाला जी नाम से उसकी सोने-चांदी के जेवर बेचने की दुकान है। वह मंगलवार सुबह करीब 11 बजे बाइक से दुकान पर जा रहे थे। बाइक पर उनके साथ उनके पिता राजेश वर्मा भी बैठे थे। अक्षय ने बताया कि अभी हमारी बाइक बिशनुपर रेलवे क्रासिंग के पास पहुंची थी। इस दौरान बाइक सवार तीन बदमाश आ गए। बाइक पर पीछे बैठे दो बदमाशों के हाथों में तमंचे थे। उन्होंने लात मारकर हमारी बाइक गिरा दी। अक्षय ने बताया कि हम संभाल पाते कि उससे पहले ही बदमाशों ने गोली मारने की धमकी देकर बैग लूट लिया। इसके बदमाश बाइक दौड़ाकर फरार हो गए। बदमाशों के चले जाने के बाद पिता-पुत्र ने शोर मचाया तो लोग मौके पर जुट गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। खबर मिलने पर पुलिस और सराफ के परिजन भी आ गए। अक्षय ने बताया कि उसके बैग में सात किलो चांदी, पचास ग्राम सोना और छह हजार रुपये थे।
सिविल लाइंस सीओ सागर जैन ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों की तलाश में पुलिस जुटी है। उस क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चेक की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।