कुंदरकी। लखनऊ में प्रतिनिहित विधायन समिति की दूसरे दिन की बैठक सभापति राजीव सिंह उर्फ बब्बू भैया की अध्यक्षता में हुई। समिति सदस्य एवं कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह ने नगर विकास विभाग एवं बेसिक शिक्षा विभाग से जुड़े मुद्दे को उठाते हुए कहा कि कुंदरकी विधानसभा में एक मात्र नगर पंचायत है। इसके अनेक वार्डों में सड़क एवं जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने कारण नागरिकों को आवागमन में परेशान परेशानी हो रही है।
बरसात में जलभराव एवं कीचड़ की समस्या और अधिक गंभीर हो जाती है। वार्ड नंबर 3 एवं वार्ड 10 में पांच स्थानों पर सीसी रोड एवं नाली का निर्माण कराया जाए। रामपुर रोड पर संचालित इलेक्ट्रॉनिक सिटी बसों का संचालन वर्तमान में दलपतपुर तक है, उसको आगे बढ़ाकर मूंढापांडे होते हुए सिहोरा अड्डे तक किया जाए। विधायक ने कुंदरकी एवं मूंढापांडे में शिक्षा के स्तर को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालयों की स्थापना कराए जाने की मांग की।समायोजन प्रक्रिया के अंतर्गत शिक्षकों को उनके आवास के निकटतम विद्यालय आवंटित किए जाएं, इससे शिक्षकों को कठिनाइयों का सामना न करना पड़े और शैक्षणिक व्यवस्था भी प्रभावी रहे।
परिषदीय विद्यालयों में साफ-सफाई के लिए सफाईकर्मी एवं सरकारी संसाधनों एवं परिसंपत्ति की सुरक्षा के लिए चौकीदार की नियुक्ति की जाए। विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर, प्रोजेक्टर एवं अन्य विद्युत संचालित शैक्षिक संसाधन के बेहतर उपयोग के लिए सौर ऊर्जा आधारित विद्युत व्यवस्था स्थापित की जाए ताकि शैक्षणिक संसाधनों का बेहतर संचालन हो सके। विद्यार्थियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का पूर्ण लाभ मिले। राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों को साधारण रोडवेज बसों के साथ-साथ वातानुकूलित बसों में भी परिवार सहित निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाए। समिति सभापति बब्बू भैया ने नगर विकास विभाग एवं बेसिक शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारियों को कुंदरकी विधायक द्वारा उठाई गई मांगों पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।संवाद