बिलारी। कोरी समाज के लोगों ने मंगलवार दोपहर तहसील में एसडीएम को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा। लोगों को पूर्व की तरह अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र जारी किए जाने की मांग उठाई।
ज्ञापन में बताया कि बिलारी क्षेत्र में लगभग 15 हजार कोरी समाज के लोग रहते हैं। पूर्व में कोरी समाज के लोगों द्वारा आवेदन करने पर उन्हें अनुसूचित जाति के प्रमाण पत्र जारी हुए हैं। वर्तमान में तहसील के अधिकारी आवेदन करने के बाद भी लोगों को अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र जारी करने में आनाकानी कर रहे हैं। आवेदन करने वाले कोरी समाज के सभी लोगों को प्रमाण पत्र जारी किए जाएं।
भाजपा नेत्री गीता कोली ने नायब तहसीलदार को वह जाति प्रमाण पत्र भी दिखाए जो पूर्व में तहसीलदार बिलारी कार्यालय से कोरी समाज को अनुसूचित जाति के रूप में जारी हुए हैं। नायब तहसीलदार अभिनय सिंह ने आश्वासन दिया कि वह इस संबंध में तहसील अधिकारियों से वार्ता कर हल निकालेंगे।
ज्ञापन देने वालों में गोपाल प्रकाश आर्य, भगवानदास कोरी, प्रभात कुमार, विशाल कोरी, गीता कोली, कृष्णावतार, राजेंद्र कुमार कोरी, सोमपाल कोरी, पवन कोहली, फूल सिंह कोरी, विजय कोरी, प्रभात कुमार, नरेंद्र कुमार, राजेंद्र कुमार, दिनेश कुमार आदि रहे। संवाद