मुरादाबाद। शहर के 28 केंद्रों पर दो दिन दरोगा भर्ती परीक्षा होगी। परीक्षा निष्पक्ष और पारदर्शी कराने के लिए पुलिस प्रशासन से तैयारियां शुरू कर दी है। साथ ही सॉल्वर गैंग और उनके साथियों पर नकेल करने के लिए एसटीएफ ने शहर में डेरा डाल दिया और संदिग्ध लोगों की निगरानी बढ़ा दी है। परीक्षा के दौरान करीब 500 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। दिल्ली और पश्चिमी यूपी के जिलों के 45160 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इनके आने जाने में कोई दिक्कत न हो इस लिए पुलिस अफसरों ने स्पेशल ट्रेनें और बस चलाने के लिए संबंधित विभागों को पत्र भेजे हैं।
यूपी पुलिस में दरोगा (एसआई) के चार हजार 543 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया चल रही है। 14 और 15 मार्च को चार पॉली में लिखित परीक्षा होगी। परीक्षा में दिल्ली के 12087, मेरठ से 11396, बुलंदशहर से 10034, अमरोहा से 1300, बागपत से दो हजार, बरेली के चार हजार, बिजनौर से दो हजार, गाजियाबाद से 300, रामपुर व संभल से 600-600 और हरियाणा के 574 अभ्यर्थी मुरादाबाद में परीक्षा देंगे। शहर में 28 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें से 19 परीक्षा केंद्रों में 480-480 और नौ परीक्षा केंद्रों पर 240-240 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि जिन परीक्षा केंद्रों पर 240 अभ्यर्थी हैं वहां एक एसआई केंद्र, एक एसआई परीक्षा कंट्रोल रूम और एक एसआई (चेकिंग) के रूप में तैनात किए जाएंगे।
इसके अलावा एक हेड कांस्टेबल, दो सिपाही और एक महिला सिपाही की ड्यूटी रहेगी। जबकि जिन परीक्षा केंद्रों पर 480 अभ्यर्थी हैं वहां पुलिसकर्मियां की संख्या दोगुनी होगी। इसके अलावा शहर के प्रमुख चौराहे, रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस अड्डे पर भी पुलिस कर्मियों की ड्यूटी रहेगी। इसके अलावा अतिरिक्त बस और ट्रेनें चलाने के लिए संबंधित विभागों को पत्र भेजा गया है। उधर, खुफिया एजेंसी समेत एसटीएफ ने भी निगरानी बढ़ा दी है।