मुरादाबाद। एसआईआर अभियान के तहत जिले के अधिकारियों ने अभी तक पांच लाख मतदाताओं की सुनवाई की है। इस मामले में कितने लोगों के नाम सूची से हटाए गए हैं। इसका खुलासा निर्वाचन अधिकारियों ने नहीं किया है। अभी सुनवाई का काम 26 मार्च तक जारी रहेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने नो मैपिंग के तहत 1.96 लाख लोगों को नोटिस जारी किया था। वहीं विसंगतियों को लेकर 3.70 लाख लोगों को नोटिस जारी किया गया था। नोटिस मिलने के बाद जिले की तहसीलों के अलावा विकास भवन में भी लोगों ने लाइन लगाकर दावे पेश किए। इसमें नवविवाहित युवतियां अधिक परेशान हुईं। उनको मायके से अपने कागजात मंगाने पड़े थे। दावे और आपत्तियों को जमा करने की समय सीमा अब समाप्त हो गई है। नए मतदाता बनने के लिए करीब डेढ़ लाख लोग फार्म 6 भर चुके हैं। आठ हजार लोगों ने फार्म 7 भरे हैं। चुनाव अधिकारियों ने नो मैपिंग और विसंगतियों को लेकर मामले में लगभग पांच लाख मतदाताओं की सुनवाई की है। विसंगतियों के मामले में नोटिस जारी होने पर बीएलओ घर-घर पहुंचकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं। दावे और आपत्तियों को दाखिल करने की समय सीमा पूरी हो गई है। फिर भी तहसील के कार्यालयों में लोग फार्म भरकर जमा करने के लिए आ रहे हैं। इस बारे में उप जिला निर्वाचन अधिकारी संगीता गौतम ने बताया कि अभी तक पांच लाख मतदाताओं की सुनवाई हुई है। सुनवाई के बाद पता चलेगा कि कितने लोगों के नाम सूची से हटाए गए हैं।