संभल। मोहल्ला हल्लू सराय में स्थित चामुंडा मंदिर में चल रही श्री शिव महापुराण कथा के दूसरे दिन शुक्रवार को वृंदावन से आए कथा वाचक आचार्य आनंददास ने शिवपुराण और सावन महीने का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि भगवान श्री हरि ने भगवान शिव को सावन महीने में ही मोक्ष का कार्य भार दिया था। तब से सावन महीने में भगवान शिव की आराधना से जीव को विशेष फल प्राप्त होता है। श्री शिव महापुराण कथा में कथा वाचक आचार्य आनंददास महाराज ने शिवलिंग प्राकट्य की कथा, रुद्राभिषेक का महत्व, पार्थिव शिवलिंग की पूजा के बारे में बताते हुए हर-हर महादेव, बम बम भोले के जयकारों से कथा पंडाल को शिवमय कर दिया। श्रद्धालुओं ने पूरे भक्ति भाव और उत्साह से कथा सुनी। बताते चलें कि प्रतिदिन यजमानों द्वारा वेदी पूजन, रुद्राभिषेक किया जा रहा है। प्रत्येक भक्त भगवान शिव की सेवा में तन, मन, धन को अर्पण कर रहा है।
कथा के दूसरे दिन यजमान डॉ. नितिन दालभ रहे। प्रसाद वितरण की सेवा में अरुण सागर ने सहयोग दिया। इस दौरान महंत मुरली सिंह, मनोज कुमार गुप्ता, रामकिशन ठकराल, शिवम ठाकुर, राजू ठाकुर, अजय गुप्ता, शुभम गुप्ता, मुकेश शर्मा, अरविंद ठाकुर, प्रदीप शर्मा, विनोद पवार, योगिता गुप्ता आदि रहे।