ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद)। शादी तय होने के बाद लड़की द्वारा वर पक्ष के सामने ईसाई धर्म अपनाने की शर्त रखकर एक परिवार को चौंका दिया है। युवक के पिता ने कोतवाली में दिए शिकायती पत्र में लिखा है कि युवती का कहना है कि अगर लड़के ने ईसाई धर्म स्वीकार करके शादी नहीं की तो परिवार को झूठे मुकदमे में फंसा देगी। उधर, मुरादाबाद महिला थाने में लड़की पक्ष ने अर्जी देकर दूसरे पक्ष पर शादी तय होने के बाद ज्यादा दहेज की मांग रखने की शिकायत की है।
ठाकुरद्वारा कोतवाली में यह शिकायत क्षेत्र के एक गांव निवासी एक शख्स की ओर से की गई है। उनका कहना है कि उनका बेटा दूसरे जिले में सरकारी कर्मचारी है। बेटे के दोस्त ने भोजपुर क्षेत्र के एक परिवार से उसकी शादी का रिश्ता कराया था। रिंग सेरेमनी हो जाने के बाद लड़की की ओर से इस तरह की शर्त रख देने और धमकी देने से वह और उनका परिवार परेशान है। उनके परिवार की महिलाओं से बातचीत में लड़की ने बताया कि 12 साल पहले उसके परिवार ने ईसाई धर्म अपना लिया था। इसलिए वह उसी धर्म के अनुसार चलेगी और होने वाले पति को भी इसी धर्म में होना चाहिए। कोतवाल मनोज परमार ने बताया कि यह मामला मुरादाबाद के महिला थाने में विचाराधीन होने के कारण शिकायतकर्ता को वहां अपना पक्ष रखने की सलाह दी है। उनके मुताबिक महिला थाने से पूछने पर पता चला कि लड़की पक्ष ने ज्यादा दहेज की मांग की शिकायत की है।