मुरादाबाद। भोजपुर थानाक्षेत्र में प्रेमी की शादी दूसरी जगह तय होने पर युवती ने मेंथा ऑयल पी लिया। युवती की हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार कराने के बाद युवती अपने घर चली गई। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
पीड़ित युवती भोजपुर थानाक्षेत्र के गांव निवासी है। युवती का आरोप है कि गांव निवासी युवक से उसके चार साल से प्रेम संबंध थे। युवती का आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। करीब दो साल पहले युवक अचानक दुबई चला गया था। युवती दुबई से लौटने का इंतजार करती रही थी। युवती को पता चला कि युवक के परिजनों ने युवक की शादी गांव की ही दूसरी लड़की से तय कर दी है। इस बात को लेकर गांव में पंचायत बैठी, मगर युवक और उसके परिजन शादी के लिए तैयार नहीं हुए। इससे आहत होकर युवती ने घर में रखा मेंथा ऑयल पी लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन युवती को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे और भर्ती करा दी। उपचार के बाद परिजन युवती को घर ले गए। भोजपुर थाना प्रभारी आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।