मुरादाबाद में विधानसभा चुनाव के संपन्न होने के बाद एक सिपाही ने अपने ड्यूटी के प्रति लापरवाही की इंतेहा कर दी। सिपाही ऑटो में ही रायफल छोड़कर चला गया। बुधवार दोपहर एक युवक रायफल लेकर थाने पहुंचा। उसने पुलिस को बताया कि सिपाही नशे की हालत में रायफल ऑटो में छोड़कर चला गया था। जबकि सिपाही ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी रायफल चोरी कर ली गई है। हालांकि, गाजियाबाद से चुनाव ड्यूटी में मुरादाबाद आए सिपाही की रायफल बुधवार को मिल गई। इसके बाद ही पुलिस महकमे के अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
पुलिस के मुताबिक, गाजियाबाद जनपद के मंसूरी थाने में तैनात सिपाही महेश शर्मा चुनाव ड्यूटी में मुरादाबाद आया था। 14 फरवरी को सिपाही की ड्यूटी सिविल लाइंस क्षेत्र में हरथला स्थित बूथ पर लगी थी। सिपाही ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि मतदान खत्म होने के बाद वह कांठ रोड से स्टेशन के लिए ऑटो में बैठा था। इसी दौरान उसकी रायफल चोरी कर ली गई। कोतवाली पुलिस सिपाही की थ्री नॉट थ्री रायफल की तलाश में जुटी थी। बुधवार दोपहर अवंतिका कॉलोनी निवासी अभिषेक कौशिक थाने पहुंचे। उनके साथ पीएसी का एक सिपाही भी मौजूद था। अभिषेक ने बताया कि सोमवार रात करीब 12 बजे वह हरथला से एक ऑटो में सवार हुआ था। ऑटो में एक सिपाही भी बैठा हुआ था। सिपाही के पास रायफल थी।
नशे में था सिपाही
अभिषेक का दावा है कि सिपाही नशे में था। रास्ते में सिपाही उतर गया, जबकि उसकी रायफल ऑटो में ही छूट गई। युवक का कहना है कि उसका भाई भी पुलिस विभाग में है। इसलिए उसने सोचा कि कहीं रायफल गलत हाथों में न कहीं चली जाए। इसलिए वह रायफल अपने घर ले गया था। सिविल लाइंस पुलिस ने रायफल कोतवाली पुलिस की सुपुर्दगी में सौंप दी है। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि सिपाही ने रायफल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।