मुरादाबाद। पीतलनगरी बस अड्डे पर शनिवार को रात करीब 10 बजे कैंटीन के सामने अतरौली डिपो की बस आकर खड़ी हुई। इसकी वजह से कैंटीन कर्मचारियों ने बस चालक को पीट दिया। इस मामले को लेकर चालक ने बस अड्डा इंचार्ज चंद्रभान सिंह से शिकायत की। बस अड्डा इंचार्ज ने रविवार को कैंटीन संचालकों के खिलाफ रिपोर्ट बनाकर कार्यवाही के लिए क्षेत्रीय प्रबंधक को भेज दिया है।
बस अड्डा इंचार्ज चंद्रभान सिंह ने बताया कि चालक का कहना है कि वह रात में बस लाकर कैंटीन के बराबर में खड़ा किया। इस दौरान कैंटीन कर्मचारियों ने उसे पीट दिया कहा कि कैंटीन के पास बस नहीं खड़ी करनी है। रात में पुलिस बुलाई गई लेकिन समझौता नहीं हो सका। रविवार को कैंटीन कर्मचारियों से चालक को पीटने की घटना के बारे में पूछताछ की गई। कैंटीन कर्मचारियों ने अभद्र भाषा में व्यवहार किया। बस अड्डा इंचार्ज का कहना है कि कैंटीन कर्मचारियों के खिलाफ पहले भी कई बार शिकायत आ चुकी है। कैंटीन कर्मचारी बस अड्डा कर्मचारियों से भी अभद्र भाषा में व्यवहार करते हैं। कई बार कैंटीन कर्मचारियों को समझाया भी गया है। इसके बावजूद वह मारपीट करते रहते हैं। इससे बस अड्डे का माहौल खराब हो रहा है। जबकि बस अड्डे पर गार्ड की ड्यूटी लगी रहती है। उन्होंने बताया कि कैंटीन कर्मचारियों द्वारा चालक को पीटने की घटना सही पाई गई है। कैंटीन कर्मचारियों की रिपोर्ट बनाकर क्षेत्रीय प्रबंधक को कार्यवाही के लिए सौंप दिया गया है।