बिलारी। गांव आरीखेड़ा निवासी अरविंद की पत्नी निशा (25) का शव रविवार की सुबह कमरे में छत के पंखे से लटका मिला।
मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया, जिस पर ससुराल वाले भाग गए। सूचना पर सीओ, एसडीएम और थाना प्रभारी ने पहुंचकर जांच की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बिलारी के गांव आरीखेड़ा निवासी अरविंद की शादी थाना सोनकपुर के रम्पुरा धतरारा गांव निवासी मित्रपाल की बेटी निशा से पांच साल पहले हुई थी। उसकी एक तीन साल की बेटी आसवी और आठ माह का बेटा अंश हैं। अरविंद ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता है, लेकिन आए दिन दंपती में विवाद रहता था। शनिवार की शाम भी दंपती में किसी बात पर विवाद हुआ था। बाद में दोनों छत पर सोने चले गए। परिजनों के अनुसार, तड़के करीब तीन बजे निशा छत से उतरकर दोनों बच्चों के साथ कमरे में सो गई।
सुबह लगभग छह बजे अरविंद छत से नीचे उतरकर आया तो बेटे की आवाज सुनकर दरवाजा खटखटाया, लेकिन दरवाजा बंद था। उसने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो पत्नी छत के पंखे के सहारे फंदे से लटकी थी। शोर सुनकर परिजन भी आ गए और खिड़की तोड़कर कमरे का दरवाजा खोलकर पत्नी को नीचे उतारा और गांव के ही चिकित्सक के पास ले गए, जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया, जिस पर ससुराल वाले भाग गए। गांव के चौकीदार मोहन सिंह की सूचना पर एसडीएम बिलारी विनय कुृमार सिंह, सीओ हाईवे राजेश कुमार, थाना बिलारी प्रभारी उदयप्रताप सिंह और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। बाद में शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना प्रभारी ने बताया कि मायके पक्ष की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि पति से कहासुनी होने के बाद महिला ने आत्महत्या की है, जबकि मृतका की मां शांतिदेवी का कहना था कि ससुराल वाले बेटी को आए दिन उत्पीड़न करते थे। उन्होंने बेटी की हत्या का आरोप लगाया है।