ठाकुरद्वारा। जिस तालाब में महिला ने बृहस्पतिवार को अपनी छह माह की बच्ची को फेंका था, उसी तालाब से शुक्रवार को महिला का शव बरामद हुआ है। पिता ने महिला को तलाक देने वाले पति और उसके रिश्तेदार पर हत्या का आरोप लगाया है।
यही नहीं पोस्टमार्टम के बाद महिला के शव को सड़क पर रखकर कार्रवाई की मांग करते हुए हाईवे पर जाम भी लगाने की कोशिश की गई। पोस्टमार्टम में महिला की माैत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। उसका विसरा सुरक्षित कर जांच को भेजा जा रहा है। पुलिस महिला की माैत को आत्महत्या मान रही है।
नगर के मोहल्ला बहेड़ावाला वार्ड सात निवासी सब्जी विक्रेता नसीम अहमद की पुत्री गुल चमन बृहस्पतिवार की शाम पांच बजे घर से दवा लेने जाने की बात कहकर अपनी छह माह की बेटी माहिरा को लेकर निकली थी। रास्ते में गुल चमन ने अपनी छह माह की बेटी को तालाब में फेंका लेकिन वहां भीड़ होने के कारण वह इधर-उधर छुप गई।
पास में मजार पर भीड़ थी वहां खेल रहे बच्चों ने शोर मचाया तो मुर्गी फाॅर्म पर मौजूद फहीम आदि ने बच्ची को तालाब से निकाल लिया और उसे एक महिला को सौंप दिया था। जब गुल चमन देर रात तक घर पर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश की। महिला की एक चप्पल तालाब के बाहर दिखाई दी इस पर गुल चमन की बहन गुलशन ने इसकी सूचना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक को दी।
पुलिस ने तालाब में महिला की तलाश शुरू करवाई तो महिला का शव उतराता हुआ दिखा जिस पर पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शाम करीब 5:30 बजे महिला का शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा तो परिजनों ने तिकोनिया पुलिस चेक पोस्ट के पास शव को सड़क पर रखकर जाम लगाने का प्रयास किया। जिन्हें समझाकर शांत कर दिया गया। महिला की मौत से उसके बेटे मोईन (8) और मासूम माहिरा के सिर से मां का साया छिन गया है। गुल चमन की मौत से परिवार में गम का माहौल है।
कोतवाली के प्रभारी मनाेज परमार निरीक्षक का कहना है कि महिला ने आत्महत्या की है। महिला अपनी बच्ची के साथ तालाब पर जाने वाले रास्ते से पहले लगे सीसीटीवी कैमरे में जाती हुई दिखाई दी दे रही है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज परमार का कहना है कि अभी उन्हें पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली है।