कुंदरकी। बुधवार की सुबह करीब छह बजे कुंदरकी थाना क्षेत्र के ग्राम जैतिया फिरोजपुर के रकबे में स्थित गांगन नदी पर स्थित रेलवे पुल के नीचे संदिग्ध अवस्था में 28 वर्षीय युवक का शव मिला है। औंधे मुंह पड़े इस युवक के सिर और शरीर में गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। उसके शरीर पर टी शर्ट और अंडरबियर पहने है और रंग गेहुंआ है।
युवक के एक हाथ में ओम भी लिखा हुआ है। शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। इस दौरान ग्रामीणों में युवक की हत्या या फिर रेल हादसे में मौत होने की लेकर चर्चा होती रही। सूचना पर पुलिस भी आए गई और जांच की गई।
वहीं कुछ ही देर में जैतिया फिरोजपुर, परहेदी, ईंधनपुर नगला, रामपुर मेंगन आदि गांवों के लोगों की भीड़ से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी।
मौत की सही वजह जाने के लिए पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस का कहना है कि युवक के शव की शिनाख्त कराई जाएगी और पीएम रिपोर्ट में मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी। प्रारंभिक जांच में रात के समय किसी ट्रेन से गिरकर युवक की मौत हुई होगी।
गौरतलब है कि गांगन नदी के ऊपर स्थित इस रेलवे पुल के नीचे पहले भी इसी तरह से कई अज्ञात शव मिल चुके है जब कुछ दिन पहले से निकटवर्ती ग्राम नानपुर के जंगल में ही एक युवक की कंकाल मिला था जिसके बारे में पुलिस स्पष्ट नहीं कर सकी है। पुलिस ने डीएनए टेस्ट कराने की बात कहीं थी ताकि युवक की शिनाख्त हो सके।