क्षेत्र के गांव सुरजन नगर में शादी समारोह में आए युवक की बाइक पुलिस चौकी के सामने बैरिकेडिंग से टकरा गई। इस हादसे में युवक की मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर युवक के रिश्तेदार और परिजन उसके शव को घर ले गए। बिना कानून कार्रवाई के ही गमगीन माहौल में उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। युवक जिला बिजनौर में स्योहारा का रहने वाला था।
परिजनों के मुताबिक, यह हादसा मंगलवार रातकरीब 11 बजे हुआ। कावेंद्र कुमार (44) पुत्र सुमेंद्र कुमार रिश्तेदारी में शादी के मंडप में खाना खाकर बाइक से लौट रहा था। इसी दौरान पुलिस चौकी के सामने लगी बैरिकेडिंग से उसकी बाइक टकरा गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर रिश्तेदार और परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घायल युवक को एक निजी चिकित्सक को दिखाया, जहां हालत गंभीर होने पर उसको उत्तराखंड के जिला जसपुर के लिए रेफर कर दिया। वहां डॉक्टरों ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन उसके शव को लेकर स्योहारा अपने घर चले गए। बुधवार को उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया।