कुंदरकी। महमूदपुर माफी में ग्राम समाज की भूमि पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कराने के प्रकरण में हलका लेखपाल को एसडीएम ने निलंबित कर दिया है।
29 नवंबर की रात्रि मैनाठेर क्षेत्र में नगर पंचायत महमूदपुर माफी में कुछ लोगों ने राजस्व अभिलेखों में दर्ज खाद के गड्ढों की भूमि पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को स्थापित कर दिया था। इस पर आपत्ति आने पर पुलिस प्रशासन ने हरकत में आ गया था। इसके बाद एसडीएम और सीओ ने प्रतिमा को हटवा दिया था। इसके विरोध में लोगों ने महिलाओं और बच्चों के साथ मुरादाबाद संभल हाईवे पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया था, जिसकी वजह से हाईवे पर यातायात का संचालन बाधित हुआ था वहीं शांति व्यवस्था भी प्रभावित हुई थी। अधिकारियों ने आश्वासन देकर जाम खुलवाया था। वहीं इस प्रकरण को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। एसडीएम बिलारी घनश्याम वर्मा ने महमूदपुर माफी खाद के गड्ढों की भूमि पर अनाधिकृत कब्जा करने में संलिप्त रहने और अनुशासनहीनता का दोषी मानते हुए लेखपाल तेहर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया, जिसको रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय बिलारी से संबद्ध कर दिया गया। वहीं निलंबित लेखपाल के विरुद्ध विभागीय जांच तहसीलदार बिलारी को सौंपी गई है।