मुरादाबाद। खाद्य पदार्थों में मिलावट की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की मंडलीय लैब मार्च में शुरू होने के आसार हैं। तीन दिन में कार्यदायी संस्था खाद्य सुरक्षा विभाग को भवन साैंप देगी। इसके बाद लैब स्थापित करने की कार्यवाही शुरू होगी। लैब बनने के बाद खाद्य पदार्थों की जांच रिपोर्ट 24 घंटे में मिलने लगेगी, जिससे मिलावटखोरों के खिलाफ जल्द कार्रवाई हो सकेगी।
रामपुर रोड स्थित गुलाबबाड़ी में 24 करोड़ की लागत से खाद्य सुरक्षा विभाग का तीन मंजिला भवन तैयार किया गया है। विभाग को भवन मिलने के बाद मुख्यालय से फर्नीचर मंगाया जाएगा। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग के जिला व मंडलीय कार्यालय इसी भवन में शिफ्ट किए जाएंगे। फिर लैब में मशीनें आदि लगाई जाएंगी।
लैब के अधिकारियोंं और कर्मचारियों की तैनाती लखनऊ मुख्यालय से होगी। इसके लिए कागजी कार्यवाही जारी है। लैब स्थापित होने के बाद 24 घंटे में खाद्य पदार्थों की रिपोर्ट मिल सकेगी और मिलावटखोरों पर कार्रवाई होगी।
-
मंडल के सभी जिलों के खाद्य पदार्थों की होगी जांच
अभी मंडल के पांचों जिलों रामपुर, संभल, अमरोहा, बिजनौर और मुरादाबाद के खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए वाराणसी स्थित लैब भेजे जाते हैं। इसी प्रकार ड्रग विभाग के सैंपल लखनऊ स्थित लैब भेजे जाते हैं। वाराणसी से रिपोर्ट आने में महीनों लग जाते हैं। ऐसे में मिलावटखोरों पर समय से कार्रवाई नहीं हो पाती है। अब मंडल के सभी जिलों के खाद्य पदार्थों की जांच इस लैब में होगी। 24 घंटे में रिपोर्ट मिलने पर मिलावट के खिलाफ कार्रवाई में तेजी आएगी। जिले से प्रतिमाह 50 से 60 सैंपल जांच के लिए भेजे जाते हैं। सहायक खाद्य सुरक्षा आयुक्त ग्रेड-2 राजवंश श्रीवास्तव ने नए भवन का निरीक्षण कर जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है।
-
गुलाबबाड़ी में खाद्य सुरक्षा विभाग का भवन बनकर तैयार हो गया है। तीन दिन में भवन हमें मिल जाएगा। मुख्यालय से फर्नीचर आने के बाद मंडलीय और जिला कार्यालयों नए भवन में शिफ्ट किए जाएंगे। मार्च में लैब की स्थापना का काम होगा। - अशोक कुमार सिंह, सहायक आयुक्त खाद्य ग्रेड-1, मुरादाबाद मंडल