मुरादाबाद। कोरोना की दूसरी लहर में संक्रमित मरीजों की मौत की संख्या बढ़ती जा रही है। जिले में दस और संक्रमितों ने जान गंवा दी। पांच संक्रमितों ने टीएमयू और चार ने एल टू अस्पताल एमसीएच विंग में दम तोड़ दिया, जबकि एक की मौत एंबुलेंस में हो गई। वहीं सात डाक्टर, छह बैंक कर्मी और कमिश्नर कैंप कार्यालय छह कर्मचारी समेत 549 नए संक्रमित मिले हैं। संक्रमितों को होम आइसोलेशन और कोविड अस्पतालों में भर्ती किया गया है।
संक्रमित होने पर सिविल लाइंस क्षेत्र के 57 वर्षीय बुजुर्ग, मझोला के 64 वर्षीय बुजुर्ग, रामगंगा विहार के 64 वर्षीय व्यक्ति, मझोला की 65 वर्षीय महिला, राम गंगा विहार के 58 वर्षीय बुजुर्ग को टीएमयू में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान पांचों संक्रमितों की मौत हो गई। वहीं एल टू अस्पताल एमसीएच विंग में भर्ती किए गए चार संक्रमितों ने दम तोड़ दिया। इसके अलावा जिला अस्पताल में भर्ती संक्रमित महिला को इलाज के लिए टीएमयू ले जाया जा रहा था। महिला ने एंबुलेंस में ही दम तोड़ दिया। वहीं शुक्रवार को आई सरकारी और निजी लैब से आई रिपोर्ट में 549 लोग पॉजिटिव पाए गए। संक्रमितों में सात डाक्टर शामिल हैं। इसके अलावा एक बैंक के छह कर्मचारी और कमिश्नर कैंप कार्यालय के छह कर्मचारियों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है, जबकि स्वस्थ होने पर 369 मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया। जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 369 हो गई है।