एसएसपी बंगले के सामने मंगलवार की रात चोर डेंटल क्लीनिक और सोलर पैनल के शोरूम में घुस गए। चोरों ने दोनों जगह से करीब पचास हजार रुपये की नकदी और अन्य सामान बटोर लिया। क्लीनिक से चोर सीसीटीवी कैमरे और डीबीआर भी उखाड़कर ले गए। जबकि शोरूम के सीसीटीवी कैमरों में एक चोर की तस्वीरें कैद हो गईं हैं।
वारदात को रात करीब साढ़े 3:40 बजे अंजाम दिया गया। सिविल लाइंस थानाक्षेत्र में आवास विकास कालोनी में एसएसपी बंगले के सामने आवास विकास मार्केट बिल्डिंग है। इस बिल्डिंग में दफ्तर, क्लीनिक और शोरूम हैं। इस बिल्डिंग में सत्यवीर सिंह का सत्यम इंटरप्राइजेज पावर सोलर नाम से शोरूम है। जबकि फर्स्ट फ्लोर पर दंत चिकित्सक डा. एन पीएन टंडन का क्लीनिक है।
सत्यवीर सिंह का क्लीनिक के सामने भी शोरूम है। मंगलवार रात चोर क्लीनिक की खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर घुस गए और उन्होंने डाक्टर के केबिन से पचास हजार रुपये, चार सीसीटीवी कैमरे व डीबीआर उखाड़ लिए। इसी तरह चोर सोलर पैनल के शोरूम में घुस गए। उसने सत्यवीर की केबिल की दराज से 45 हजार रुपये और अन्य सामान बटोर लिया। इसके बाद चोर उसी रास्ते फरार हो गया।
सत्यवीर सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह वे शोरूम में पहुंच गए। उन्होंने ऊपर वाले शोरूम में कर्मचारियों को सफाई के लिए भेजा तो वारदात की जानकारी हुई। कुछ ही देर बाद क्लीनिक में भी चोरी की जानकारी हो गई। खबर मिलने पर पुलिस पहुंच गई।