मुरादाबाद। देह व्यापार से मुक्त कराई गईं दोनों किशोरियों ने बाल कल्याण समिति को इस धंधे से जुड़ी तीन अन्य महिलाओं के नाम भी बताए। इधर, देर से जिला अस्पताल पहुंचने के कारण सोमवार को भी उनका मेडिकल परीक्षण नहीं हो सका।
मझोला थानाक्षेत्र के मोहल्ला जयंतीपुर के एक घर में देह व्यापार किया जा रहा था। प्रयागराज की एक संस्था की सूचना पर सीओ सिटी ने शनिवार को उस घर में छापा मार कर दो किशोरियों को मुक्त कराया था। पुलिस ने दो महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। मुक्त कराई गई किशोरियों को वन स्टॉप सेंटर में शरण दी गई है। सोमवार को दोनों बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत की गईं। समिति के अध्यक्ष अमित कौशल, सदस्य हरिमोहन गुप्ता, अखिलेश कुमार, संजय चतुर्वेदी तथा बबिता विश्नोई ने किशोरियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानी। दोनों ने बबिता विश्नोई को देह व्यापार में लिप्त तीन और महिलाओं के बारे में जनकारी दी। अध्यक्ष अमित कौशल ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि किशोरियों से मिली जानकारी समिति ने पुलिस से साझा की है। पुलिस जल्द ही इन तीन महिला आरोपियों को हिरासत में लेगी। काउंसलिंग के बाद किशोरियों को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। ओपीडी का समय समाप्त हो जाने के कारण सोमवार को भी उनका मेडिकल परीक्षण नहीं हो सका।अब इन किशोरियों के पुनर्वास और संरक्षण की तैयारी की जा रही है।
-