मुरादाबाद। जिले में सोमवार को एक शिक्षिका और एक बालिका की कोरोना संक्रमण की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सीएमओ का कहना है कि अब जनपद में सक्रिय केसों की संख्या 12 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कांठ के प्राथमिक विद्यालय फत्तेपुर विश्नोई की एक शिक्षिका को दो दिन से बुखार और गले में दर्द की शिकायत थी। रविवार को उन्होंने आरटीपीसीआर जांच करवाई थी। सोमवार को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं कांठ रोड निवासी एक आठ वर्षीय बालिका की भी आरटीपीसीआर रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अधिकारियों के अनुसार बालिका नैनीताल में एक बोर्डिंग स्कूल में कक्षा चार की छात्रा है। बालिका को स्कूल भेजना था। इसके लिए आरटीपीसीआर करवाना अनिवार्य था। उसे कोरोना संक्रमण का कोई लक्षण नहीं था, लेकिन सोमवार को रिपोर्ट पॉजिटिव है। सीएमओ डॉ. एमसी गर्ग का कहना है कि विभाग की टीम दोनों ही मरीजों को घर पर दवाई देने जाएगी और उन्हें होम आइसोलेट कर दिया जाएगा। ब्यूरो