कांठ। तालाब में ट्यूब के सहारे नहाते समय टैक्सी चालक के हाथ से ट्यूब छूट गई। इस कारण वह बह गया। गोताखोरों की टीम ने काफी तलाश की लेकिन चालक का कोई सुराग नहीं लग पाया।
चैदरी अकबरपुर निवासी फरियाद (25) पुत्र नन्हें टैक्सी चालक है। शुक्रवार दोपहर वह तालाब में हवा भरी ट्यूब के सहारे नहा रहा था। तालाब से इस समय खेतों में फैला बाढ़ का पानी चल रहा था। नहाते समय अचानक फरियाद के हाथ से हवा भरी ट्यूब छूट गई, जिससे वह अपना नियंत्रण खो बैठा और पानी का तेज बहाव होने के कारण उसमें बह गया।
फरियाद को बहता और डूबता हुआ देख यहां पुलिया पर खड़े ग्रामीणों ने शोर मचाया तो गांव के लोग भी दौड़कर पहुंच गए। गोताखोरों की टीम को तालाब में उतारा गया। एसडीएम संत दास पंवार, सीओ गौरव कुमार त्रिपाठी, तहसीलदार राजकुमार सिंह मौके पर पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। स्थानीय गोताखोरों की कोशिशों के बाद भी फरियाद का कोई पता नहीं चल सका।
इसके बाद मुरादाबाद से पीएसी की टीम को बुलाकर फरियाद की तलाश के लिए पानी में उतारा गया था। लेकिन देर शाम तक उसका कुछ पता नहीं लग पाया था। फरियाद के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।