मुरादाबाद। मझोला, लाइनपार की पहचान से जुड़ा है, मंडी हो या अन्य मोहल्ले इसी नाम से जाने जाते हैं। लेकिन यहां की स्थिति काफी दयनीय है। मझोला की गली संख्या एक में तो तीन दिन से जलभराव की स्थिति है। यहां पर नाले चोक हो गए हैं। मुख्य मार्ग पर कई दिनों से नाला निर्माण होने और जल निकासी की कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं किए जाने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पिछले डेढ़ साल से मझोला सहित पूरे लाइनपार के लोग सीएम ग्रिड योजना के तहत किए जा रहे धीमे विकास कार्यो से परेशान हैं, अब कार्यदायी संस्था ने कुछ दूरी तक सड़क बनाई है तो कुछ हद तक समस्याएं कम हुई है लेकिन इन दिनों मुख्य नालों का निर्माण चल रहा है। वह भी दोनों ओर निर्माण शुरू किया गया है। जिसके कारण नालों को कई स्थानों से बंद किया गया है, यही वजह है कि लाइनपार की कॉलोनियों के जो छोटे छोटे नाले मुख्य नाले में आकर गिरते थे, उनकी जलनिकासी भी बंद हो गई, जिसके कारण पानी सड़कों पर भरने लगा है। लोगों का कहना है कि कार्यदायी संस्था को मुख्य मार्ग के दोनों ओर के नालों को एक साथ बंद न करके एक एक साइड का निर्माण करना चाहिए, तब तक वैकल्पिक व्यवस्था के तहत बंद वाले नाले का पानी दूसरी ओर नाले में डाल दिया जाता तो शायद जलभराव की समस्या नहीं होती।
-
कई कॉलोनियों में उत्पन्न हो गई समस्या
- सीएम ग्रिड योजना के तहत जो मुख्य मार्ग पर कार्य हो रहा है, मझोला गली संख्या एक की परेशानी भी उसी से जुड़ी हुई है, यह परेशानी कई कॉलोनियों में उत्पन्न हो गई है।
-सोनू कुमार
पूरी गली में जलभराव
- आगे नालियों का पानी रुक जाने के कारण यहां की स्थिति खराब हो गई है, जिससे पानी सड़कों पर आने लगा है, समस्या का शीघ्र समाधान किया जाना चाहिए।
-नरायणी देवी
पेयजल का प्रेशर कम
- नगर निगम की ओर से पीने का पानी तो आता है लेकिन इसका प्रेशर काफी कम होता है, जिसके कारण टैंक भरने में भी काफी समय लगता है।
-शोभित सक्सेना
स्कूली बच्चों को भी दिक्कत
- हर रोज सुबह को बच्चे स्कूल जाते हैं, सड़कों पर जलभराव होता है तो बच्चों को आने जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
-रामगोपाल प्रजापति
सफाई नहीं होती
- कई कई दिनों के बाद यहां सफाई कर्मचारी आते हैं, गलियों में तो महीनों से नहीं आए हैं, जिसके कारण गलियों में गंदगी हो गई है।
-सोहन लाल
खुद साफ करते हैं नालियां
- नगर निगम के कर्मचारी सफाई करने आते ही नहीं हैं, जिसके कारण नालियां खुद साफ करनी पड़ती हैं लेकिन पूरी नाली साफ नहीं होती, जिसके कारण जलभराव होता है।
-पप्पू
फॉगिंग नहीं होती
- नालियों में ठहरे पानी के कारण मच्छर पैदा हो रहे हैं, लेकिन नगर निगम की टीमें फॉगिंग करने के लिए नहीं पहुंच रही है, जिससे सभी को दिक्कत है।
ओमवीर सिंह
हर रोज समस्या होती है
- मुख्य मार्ग मंडी रोड का निर्माण तो लंबे समय से चल रहा है, पता नहीं कब पूरा होगा, तब से हर रोज समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
-सोनिया
तीन दिन से जलभराव
- तीन दिनों से लगातार सड़कों पर पानी भर रहा है, जिसके कारण अपने घरों में आना जाना दुश्वार हो रहा है, नालियों की सफाई तत्काल प्रभाव से कराई जानी चाहिए।
-लवी सैनी
चुनाव जीतने के बाद नहीं लौटते
- चुनाव होता है कि सभी वादे करते हैं, बेहतर सफाई होती, किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं होने देंगे लेकिन जीतने के बाद लौटकर नहीं आते।
-चंद्रवती
कूड़ा उठाने कोई नहीं आता
- घरों का कचरा निकलता है तो उसे बाहर रखा जाता है लेकिन कोई कूड़ा उठाने ही नहीं आता है, आखिरकार कचरा फिर नालियों में चला जाता है।
-प्रीति
- लाइनपार क्षेत्र में सीएम ग्रिड से कार्य चल रहा है, अन्य क्षेत्र में भी प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य व सफाई कार्य नियमित तरीके से कराया जा रहा है, किसी क्षेत्र में यदि कोई दिक्कत है तो कार्यालय को बताएं, समाधान कराया जाएगा। -अजीत कुमार, अपर नगर आयुक्त