मुरादाबाद। रविवार को भी लॉकडाउन जारी रहेगा पर अच्छी खबर यह है कि इस दिन मिठाई और राखी की दुकानें खुली रहेंगी। सीएम योगी आदित्यनाथ की हरी झंडी के बाद जिलाधिकारी ने निर्देश जारी कर दिए। साथ ही यह शर्त भी लगाई कि सोशल डिस्टेंसिंग का इन दुकानाें पर भी पूर्ण पालन करना होगा। लॉकडाउन के अन्य सभी प्रतिबंध सख्ती के साथ रविवार को लागू रहेेंगे।
कल यानी सोमवार को रक्षाबंधन है। नई व्यवस्थाओं में शनिवार तथा रविवार को लॉकडाउन चल रहा है। ऐसे में त्योहार को लेकर लोग इस बार बंदिशों में थे। चूंकि रविवार को भी दुकानें बंद ही रहनी थीं। ऐसे में मिठाइयां और राखी लोग कैसे खरीदते। सोमवार को ही दुकानें खुलतीं पर इससे परेशानी खूब होती। अब राहत मिल गई है। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि रविवार को सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक राखी तथा मिष्ठान की दुकानें खोली जा सकेंगी। हां, इन दुकानों पर भी सोशल डिस्टेंसिंग का पूर्ण पालन करना होगा।
अन्य सभी प्रतिबंध रहेंगे सख्ती से लागू
डीएम ने बताया कि इस दिन भले ही मिठाई तथा राखी की दुकानों को छूट दे दी गई है पर अन्य प्रतिबंध पूरी सख्ती से लागू रहेंगे। यानी अन्य दुकानें नहीं खोली जा सकेंगी। साथ ही लॉकडाउन के अन्य प्रतिबंधों का सख्ती से पालन कराने के लिए भी टीमें लगा दी गई हैं। यह न हो कि इन दुकानों के चक्कर में लोग अन्य दुकानें भी खोलकर बैठ जाएं। इन दो दिनों को साप्ताहिक बंदी के रूप में लिया जा रहा है और बाकी के लिए रविवार साप्ताहिक बंदी ही रहेगा।
जारी रहेगा सैनिटाजेशन अभियान
सबसे अहम है कि रविवार को सैनिटाइजेशन जैसे अभियान जारी रहेंगे। डीएम ने निर्देश दिए कि इस दिन संचारी रोगों पर नियंत्रण के लिए सैनिटाइजेशन का अभियान जारी रहेगा। कोविड 19 के प्रोटोकाल का पूरा पालन होगा। खास तौर से निगम की टीमें इस काम में जुटेंगी। चूंकि अगले दिन रक्षाबंधन है तो सफाई पर अलग से काम करना होगा। बकरीद के बाद भी इस दिन सफाई अभियान चलाना होगा।