एक रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर की लाश शनिवार दोपहर गलशहीद क्षेत्र में सड़क किनारे पड़ी मिली। दो माह पहले सेवानिवृत्त हुए भारत सिंह परिवार समेत शाहाबाद में रहते थे। अमरोहा में एक सिपाही के बेटे की शादी में शामिल होने की बात कहकर शनिवार सुबह वह घर से निकले थे। लेकिन दोपहर में करीब एक बजे उनकी लाश सड़क किनारे पड़ी मिली।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह सिर में चोट लगना बताया गया है। जबकि पुलिस का कहना है कि अचानक तबियत बिगड़ने से गिरने की वजह से भारत सिंह के सिर से खून निकलने लगा था। रामपुर जिले में शाहबाद निवास भारत सिंह (60) दो माह पहले ही पुलिस विभाग में एचसीपी के पद से सेवानिवृत्त हुए थे।
शनिवार को वह पत्नी सत्यवती से अमरोहा शादी में जाने की बात कहकर घर से निकले थे। दोपहर में करीब एक बजे गलशहीद थाना क्षेत्र में हाईवे किनारे स्थित लवीना रेस्टोरेंट के सामने भारत सिंह की लाश सड़क किनारे पड़ी मिली। सिर में चोट लगी थी और खून बह रहा था। जिंदगी की आस में पुलिस ने भारत सिंह को जिला अस्पताल पहुंचाया लेकिन डाक्टरों ने भारत सिंह को देखते ही मृत घोषित कर दिया।
गलशहीद पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से दावा किया है कि घटना के वक्त भारत सिंह सड़क किनारे बैठे थे, वह अचानक उठे और फिर गिर पड़े। जिससे उनके सिर में चोट लग गई। पुलिस के मुताबिक भारत सिंह को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।