लासा मार्ट चौराहे पर स्थित फैमिली रेस्टोरेंट टैम्पटेशन में एक महिला के साथ पहुंचा सपा पार्षद सरेआम टेबल पर क्वार्टर रखकर पैग लगाने लगा। वेटर ने विरोध किया तो पार्षद ने वेटर और मैनेजर दोनों के साथ हाथापाई कर दी। पार्षद ने दो टूक कहा, हमारी सरकार है हम जो चाहे जहां चाहें कर सकते हैं। आरोप ये भी है कि पार्षद के साथ आई एक महिला ने झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हुए अपने कपड़े फाड़ना शुरू कर दिए।
रेस्टोरेंट में ड्रामा शुरू हुआ तो पुलिस भी पहुंच गई। महिला को तो छोड़ दिया लेकिन पार्षद को पुलिस थाने ले आई। पुलिस ने मेडिकल कराया जिसमें पार्षद के नशे में होने की पुष्टि हुई है। लेकिन पहले शिकायत करने के बाद रेस्टोरेंट संचालक बैकफुट पर आ गए जिसके बाद महज दफा 34 में चालान करके पुलिस ने पार्षद को रिहा कर दिया। इंस्पेक्टर बीपी सिंह बालियान के मुताबिक टैम्पटेशन रेस्टोरेंट के संचालकों की ओर से सूचना मिली थी कि मुफ्टी टोला निवासी पार्षद असद कमाल पुत्र अब्दुल कमाल रेस्टोरेंट में बैठकर जबरन शराब पी रहा है>
विरोध करने पर उसने वेटर व मैनेजर से मारपीट की है। पुलिस पहुंची तो पार्षद असद कमाल मौके पर मिल गया। रेस्टोरेंट के मैनेजर और स्टाफ ने पुलिस ने बताया कि पार्षद की जेब में क्वार्टर था और उसने उसे गिलास में पलटकर पीना शुरू कर दिया। विरोध के बाद वह मैनेजर और वेटर से हाथापाई करने लगा और इसके बाद धौंस देते हुए फिर जेब से दूसरा क्वार्टर निकालकर भी वहीं पी लिया।
पुलिस असद कमाल को जिला अस्पताल ले गई जहां उसका मेडिकल किया गया। इंस्पेक्टर के मुताबिक मेडिकल में एल्कोहाल की पुष्टि हुई है। उधर्र, पार्षद असद कमाल ने पुलिस को बताया कि गलती उसकी नहीं रेस्टोरेंट वाले की है, उसने शराब नहीं की।