कोरोना की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए मुरादाबाद जिला प्रशासन ने शहर क्षेत्र में शुक्रवार रात 10 से सुबह 6 बजे रात्रि कर्फ्यू लगा दिया है। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने इसे 16 अप्रैल तक प्रभावी करने के आदेश दिए हैं।
मंडल में शुक्रवार को कोरोना से मुरादाबाद में एक महिला और संभल में दो लोगों की मौत हो गई। इनके अलावा प्रदेश के जलशक्ति राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख की पत्नी रजिंदर कौर समेत 194 नए संक्रमित मिले हैं।
मुरादाबाद में दो दिनों में 232 संक्रमित मिले हैं। बृहस्पतिवार को 130 और शुक्रवार को 102 नए संक्रमित मिलने व एक महिला मरीज की मौत के बाद जिलाधिकारी ने कर्फ्यू अवधि में लोगों के सड़कों पर निकलने पर पाबंदी लगा दी है। कर्फ्यू तक शिक्षण संस्थान भी बंद रहेंगे। 16 अप्रैल को हालात देखते हुए कर्फ्यू पर पुनर्विचार किया जाएगा।
रात्रि कर्फ्यू के दौरान राज्य और राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का आवागमन जारी रहेगा। आवश्यक सेवाओं और उनमें कार्यरत कर्मचारियों को कर्फ्यू से छूट रहेगी, लेकिन उन्हें अपने साथ वैध परिचय पत्र रखना अनिवार्य है। शुक्रवार को अमरोहा में 30, संभल में 24, बिजनौर में 21 और रामपुर में 17 नए संक्रमित मिले हैं। राज्यमंत्री की पत्नी को गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है।