ंभल में एंटी करप्शन टीम द्वारा पकड़े गए दरोगा चरन सिंह (सफेद पेंट) में हयातनगर थाने में मौजूद।
- फोटो : SAMBHAL
संभल। नखासा थाने में तैनात दरोगा को एंटी करप्शन टीम ने मंगलवार को 25,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है। दरोगा एक मुकदमे में आरोपियों के नाम निकालने के बदले रिश्वत ले रहा था। इसकी शिकायत कई दिन पहले की गई। इसी क्रम में दरोगा को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनी। जैसे ही दरोगा ने रिश्वत के रुपये थामे वैसे ही टीम ने पकड़ लिया और हयातनगर थाने लेकर पहुंच गए। तहरीर देकर देर शाम दरोगा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
मंगलवार को दोपहर करीब 1.45 बजे नखासा थाने में तैनात दरोगा चरन सिंह को नखासा चौराहे से एंटी करप्शन टीम ने 25,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। दरोगा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण से मुकदमे में बचाने के नाम पर यह रिश्वत ले रहा था। जबकि कुछ दिनों पहले भी आरोपियों से 25 हजार रुपये ले चुका था। अब और रुपये देने का दबाव बना रहा था। पीड़ित ग्रामीण ने परेशान होकर लखनऊ स्थित एंटी करप्शन ब्यूरो को सूचना दी। इसके बाद मुरादाबाद की एंटी करप्शन टीम को पीड़ित ग्रामीण की मदद करने के लिए लगाया गया। मुरादाबाद की टीम ने अपनी पूरी तैयारी कर ली और ग्रामीण ने फोन पर रिश्वत पहुंचाने का समय तय कर लिया।
पीड़ित ग्रामीण ने बताया कि उसके बेटे की पत्नी ने 14 दिसंबर 2019 को नखासा थाने में फर्जी मामला बनाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में दहेज उत्पीड़न, जानलेवा हमला, दुष्कर्म के आरोप थे। ग्रामीण ने बताया कि उसके बेटे समेत नौ लोगों को आरोपी बनाया गया था। जबकि आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराने वाली कोई और नहीं उसकी पुत्रवधू ही है। रिपोर्ट दर्ज कराने से पहले पुत्रवधू के साथ गांव में पंचायत हुई थी जिसमें उसने समझौता कर लिया था लेकिन उन्हें फंसाने के लिए रिपोर्ट दर्ज कराई गई। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद मुकदमे की विवेचना नखासा थाने के दरोगा चरन सिंह को मिली। उन्होंने मुकदमे से छह लोगों को बचाने की बात कही और इसके बदले 75 हजार रुपये रिश्वत तय की। ग्रामीण का कहना है कि वह अपने बेटे की पत्नी को फैसले में काफी रुपये दे चुका था। इसलिए अब कोई रुपयों का सहारा नहीं था लेकिन दरोगा रुपये नहीं देने पर लगातार जेल भेजने की बात कह रहा था। इसलिए कुछ दिन पहले 25 हजार रुपये दे दिए थे। अब दरोगा एक सप्ताह से फिर 25 हजार रुपये की मांग करने लगा। जिससे परेशान होकर एंटी करप्शन से शिकायत की।
- ग्रामीण की शिकायत कई दिनों पहले मिली थी कि नखासा थाने में तैनात दरोगा चरन सिंह रिश्वत मांग रहा है। इसी शिकायत का संज्ञान लेते हुए आरोपी दरोगा को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है। रिपोर्ट हयातनगर थाने में दर्ज कराई गई है।
- अब्दुल रज्जाक, एंटी करप्शन टीम प्रभारी, मुरादाबाद।