मुरादाबाद। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के विषम सेमेस्टर के परीक्षा फॉर्म भरे जा रहे हैं। समर्थ पोर्टल पर जब विद्यार्थी आवेदन करते हैं तो उसमें विषयों के विकल्प नहीं मिल पाने की वजह से विद्यार्थी परेशान हो रहे थे। विश्वविद्यालय अधिकारियों ने कहा कि परेशानी को देखते हुए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तारीख 25 अक्तूबर कर दी है।
विश्वविद्यालय की ओर से विषम सेमेस्टर, मुख्य एवं बैक परीक्षा के आवेदन समर्थ पोर्टल के माध्यम से भरवाए जा रहे हैं। फॉर्म भरने जाने की अंतिम तारीख 18 अक्तूबर निर्धारित की गई थी। छात्राओं को सर्वाधिक समस्या विषय न मिलने की आ रही थी। राजनीति शास्त्र के अलावा बीकॉम के विद्यार्थियों के कुछ विषय पोर्टल पर दिखाई नहीं दे रहे थे। हिंदू कॉलेज की बीकॉम पांचवें सेमेस्टर की छात्रा ने बताया कि बार-बार साइबर कैफे पर जाने के बाद भी फॉर्म नहीं भरा जा रहा था। इसका कारण एक पेपर नहीं आ रहा था।
करीब दस दिन परेशान रहने के बाद शनिवार को फॉर्म भरा जा सका और छात्रा ने कॉलेज में फॉर्म जमा किया। इसी तरह बीएससी में भी कुछ विषयों ने पेपर न मिलने की जानकारी केजीके कॉलेज के प्राचार्य प्रो. जितेंद्र सिंह को दी थी। प्रो. जितेंद्र सिंह ने बताया कि विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए विश्वविद्यालय को पत्र लिखा गया था। साथ ही फॉर्म भरने की अंतिम तारीख में बढ़ोतरी करने की भी मांग की थी। विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. अमित सिंह ने बताया कि कई अन्य विषयों में भी समस्या की जानकारी मिली थी। इसलिए अब विद्यार्थी 25 अक्तूबर तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं।
वर्जन...
छात्र द्वारा परीक्षा फार्म महाविद्यालय में जमा करने की अंतिम तारीख 26 अक्तूबर है और 27 अक्तूबर तक महाविद्यालय ऑनलाइन आवेदन पत्र को सत्यापित करेंगे।
डॉ. अमित सिंह, मीडिया प्रभारी एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय