बिलारी। ब्लॉक के नारायणपुर देवा गांव स्थित राजकीय अभिनव विद्यालय में शुक्रवार सुबह कॅरिअर मेले का आयोजन हुआ। इस दौरान छात्रों ने तरह तरह के चित्र बनाकर अपनी हस्तकला का प्रदर्शन किया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया।
विद्यालय परिसर में लगे इस कैरियर मेले का उद्घाटन पंख कैरियर मेला अभियान की जिला समन्वयक डाॅ. सुनीता चौधरी और जिला नोडल अधिकारी डाॅ.बबीता मल्होत्रा ने संयुक्त रूप से किया। कैरियर मेले में प्रतिभाग करने वाले छात्रों ने रोजगार को लेकर तरह तरह के चित्र और मॉडल बनाकर प्रदर्शित किए। जिला नोडल अधिकारी ने विस्तार से पंख कैरियर मेला के बारे में छात्रों को बताया।
मेला आयोजन के दौरान अतिथियों ने छात्रों के पास जाकर रोजगार पाने की बावत अनेक सवाल पूछे। छात्रों ने भी अतिथियों से विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार मिलने को लेकर जरूरी जानकारी ली। मेले में बेहतर प्रस्तु़ति वाले छात्रों मीनाक्षी, राधिका, रूचि गोयल, मनी चौधरी, पलक, हिमांशु, तपस्वी और अरीबा को विशेष पुरस्कार तथा अन्य प्रतिभागी छात्रों को सांत्वना पुरस्कार दिए गए।