मुरादाबाद। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। साथ ही विद्यार्थी विषयों को बदलवाने के लिए आवेदन कर रहे हैं। डीआईओएस का कहना है कि आवेदन के आधार पर विद्यार्थियों के विषयों में बदलाव किया जा रहा है।
मुरादाबाद जनपद में 460 माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। इस बार बोर्ड परीक्षाओं में 79457 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इनमें हाईस्कूल में 40183 विद्यार्थी और इंटरमीडिएट में 39274 विद्यार्थी शामिल हैं। 24 फरवरी से बोर्ड परीक्षाएं भी शुरू हो गई हैं।
विभाग की ओर से 15 फरवरी तक प्रवेशपत्रों की विषय, जेंडर, नाम व माता-पिता के नाम आदि की गलतियों में सुधार के लिए आवेदन मांगे थे। मुरादाबाद जनपद से 146 विद्यालयों के करीब 325 विद्यार्थियों ने संशोधन के लिए आवेदन किए थे। बोर्ड ने उनमें संशोधन कर दिया था।
इसके बाद 16 फरवरी से 25 फरवरी तक जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में 10 विद्यार्थियों ने विषयों में बदलाव के लिए आवेदन किया। सबसे अधिक आवेदन गणित और अंग्रेजी के विषयों को बदलने के लिए आए। बोर्ड के नियम के अनुसार शिक्षा विभाग ने छात्रों के विषयों में बदलाव कर दिया।
एक छात्रा ने संकाय बदलने का किया अनुरोध
शनिवार को एक छात्रा ने आवेदन किया कि उसने कला संकाय के विषयों से पढ़ाई की है। अब वह भविष्य में नीट की तैयारी करना चाहती है। इसलिए उसे विज्ञान संकाय के विषयों की परीक्षा देने की अनुमति दी जाए। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि छात्रा 24 फरवरी को कला संकाय की हिंदी विषय की परीक्षा दे चुकी है। इसके अलावा 11वीं में भी उसके पास कला संकाय के विषय थे। इसलिए उसे समझाया गया है कि वह इंटरमीडिएट की परीक्षा भी कला संकाय के विषयों की ही दे।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से मुझे विषयों में संशोधन करने के अधिकार दिए गए हैं। विषय बदलवाने के लिए अब तक करीब दस आवेदन आए। विद्यार्थियों की पसंद का विषय उन्हें दे दिया गया। एक परीक्षा होने के बाद संकाय में बदलाव सही नहीं था। इसलिए छात्रा को पुराने विषयों से परीक्षा देने के लिए समझाया गया। - देवेंद्र कुमार पांडेय, जिला विद्यालय निरीक्षक