मुरादाबाद। राज्य कर की टीमों ने मंगलवार को दिल्ली रोड स्थित निर्यात फर्म और पाकबड़ा स्थित बैटरी की फर्म पर छापा मारकर 12 करोड़ की जीएसटी चोरी पकड़ी। जांच के दौरान एक निर्यातक ने 55 लाख रुपये जमा करा दिए लेकिन बैटरी कारोबारी ने हंगामा शुरू कर दिया और अपने सिर से दीवार में टक्कर मारने लगा। इसे देखकर राज्य कर की टीम घबरा गई।
अपर आयुक्त ग्रेड-1 आरएस द्विवेदी ने बताया कि डाटा विश्लेषण से जानकारी मिली थी कि कुछ कारोबारी जीएसटी की चोरी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर उन्होंने अपर आयुक्त ग्रेड -2 आरए सेठ को छापा मारकर जांच करने के निर्देश दिए। मंगलवार की दोपहर राज्य कर की टीमों ने पाकबड़ा स्थित एक बैटरी फर्म में छापा मार दिया। टीम के अधिकारियों ने बताया कि जांच से बचने के लिए फर्म का मालिक अपना सिर दीवार से लड़ाने लगा। उसकी हरकत देख अधिकारी घबरा गए।
इसी बीच परिवार के लोग आ गए। धक्कामुक्की के दाैरान जांच अधिकारी गिरते-गिरते बचे। काफी हंगामा होने पर जांच टीम कुछ देर के लिए मौके से हट गई। जांच से पता चला कि फर्म मालिक ने बोगस फर्मों से बैटरी की प्लेट बनाने के सामान की खरीद की है। उसका टर्नओवर करीब नौ करोड़ है। कुछ देर बाद अपर आयुक्त ग्रेड-1 ने मौके पर पहुंचकर फर्म मालिक से पूछताछ की। फर्म मालिक पर 1.15 करोड़ का जुर्माना लगाया गया।
हालांकि, अभी तक बैटरी फर्म के मालिक ने पैसा जमा नहीं किया है। वहीं एक टीम ने दिल्ली रोड पर लाकड़ी फाजलपुर स्थित एक निर्यात फर्म पर छापा मारा। जांच से पता चला कि फर्म का टर्नओवर करीब 12 करोड़ है लेकिन तीन करोड़ रुपये के सामान की खरीद बोगस फर्म से की गई है। इस मामले में निर्यातक ने तत्काल 55 लाख रुपये जमा करा दिए।
-
हमले की फैली अफवाह
पाकबड़ा में बैटरी फर्म पर छापा मारने के बाद राज्य कर की टीम पर हमले की अफवाह फैल गई। इस बारे में अपर आयुक्त ग्रेड-2 आरए सेठ ने बताया कि यदि हमला किया गया होता तो तत्काल एफआईआर दर्ज कराई जाती। अधिकारियों ने फर्म मालिक की हरकत देखकर उसे पकड़ने का प्रयास किया था। सरकारी कार्य में बाधा डालने पर कार्रवाई का स्पष्ट नियम है। राज्य कर अधिकारियों पर कोई हमला नहीं हुआ था।