भोजपुर। थाना क्षेत्र के इस्लामनगर गांव के पास मंगलवार की दोपहर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दिया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रुप से घायल हुआ। घटना से नाराज लोगों ने जमा लगाया दिया। इससे धारक नगला से मुरादाबाद रोड पर जाम लगा रहा। मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने मृतक के परिजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया। इस पर दो घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। युवक की मौत से परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।
थाना क्षेत्र के इस्लामनगर गांव निवासी कुलदीप सैनी (18) पुत्र मदनपाल सैनी और कपिल सैनी पुत्र धारामल मंगलवार की दोपहर कपड़ा खरीदने के लिए घर से मुरादाबाद जाने के लिए बाइक से निकले। इस्लामनगर पेट्रोल पंप के पास मुरादाबाद की तरफ से तेज गति से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में कुलदीप सैनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कपिल गंभीर रूप से घायल हुआ। घटना की सूचना मिलने पर दोनों युवकों के परिजनों के साथ गांव के लोग सैकड़ों की संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना से नाराज ग्रामीणों ने ट्रैक्टर ट्राली लगाने के साथ मृत युवक के शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया।
घटनास्थल पर पहुंचे मृत युवक की मां गुड्डी, पिता मदनपाल सैनी, भाई प्रदीप सैनी, बहन पूजा देवी, रीनू व काजल सैनी का रो-रो कर बुरा हाल था। युवक की मौत के बाद जाम लगने की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष भोजपुर सुनील कुमार चौधरी मय पुलिस बल के घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल कपिल को उपचार के लिए हायर सेंटर भेजवाया। थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खोलने को कहा। लेकिन मृतक के परिजन उच्च अधिकारियों के मौके पर आने की मांग पर अड़े रहे। इस पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विद्या सागर मिश्र मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से बात किए। उन्होंने मृत युवक के परिजनों को सरकारी योजना दिलाने का आश्वासन दिया। इस पर ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। थानाध्यक्ष ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। देर शाम तक इस मामले में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। पुलिस की मानें तो अभी तहरीर ही नहीं मिली है।