मेडिकल कॉलेजों की तरह अब मुरादाबाद के जिला अस्पताल में भी विशेषज्ञ डॉक्टर तैयार हो सकेंगे। जिला अस्पताल को नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन इंडिया की ओर से बाल रोग विशेषज्ञ तैयार करने की अनुमति मिल गई है। बुधवार 10 जनवरी को बोर्ड ने एग्रीमेंट जारी कर दिया है। मार्च तक नीट से चुने गए दो छात्र जिला अस्पताल में डीएनबी (समकक्ष एमडी) कोर्स करने आएंगे।
ये डॉक्टर अस्पताल में रहकर पढ़ेंगे और सेवाएं देंगे। इसके लिए शासन की ओर से इन्हें 70 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा। डीएनबी दो साल का कोर्स है। इसके लिए हर वर्ष जिला अस्पताल में दो छात्र आएंगे। ऐसे में एक वर्ष बाद चार डॉक्टर हर समय बच्चों के लिए उपलब्ध रहेंगे। दो वर्ष का कोर्स पूरा करने के बाद जिला अस्पताल में ही इनकी प्रयोगात्मक परीक्षाएं होंगी। बाहर से प्रोफेसर परीक्षा लेने आएंगे। जबकि लिखित परीक्षा दिल्ली या लखनऊ में होगी। जिला अस्पताल के चिकित्साधीक्षक डॉ. राजेंद्र कुमार ने बताया कि छात्रों के लिए अस्पताल में व्यवस्था बनाई गई है। लाइब्रेरी, कक्ष व ठहरने के लिए घर भी विद्यार्थियों को शासन की ओर से मिलेगा।
जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में इन डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई जाएगी। ऐसे में बीमार बच्चे ईएमओ पर निर्भर नहीं रहेंगे। फरवरी में मेडिसिन व सर्जरी में डीएनबी कोर्स की अनुमति लेने के लिए आवेदन करेंगे। हमारा प्रयास है कि फिजिशियन व सर्जन भी जिला अस्पताल में तैयार हों। इससे रोगियों को इमरजेंसी के समय असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि बाल रोग विशेषज्ञ तैयार करने की अनुमति देने से पहले एनबीईआई के प्रोफेसर ने अस्पताल का जायजा लिया था। एग्रीमेंट होने पर सीएमएस डॉ. संगीता गुप्ता ने बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेंद्र व अस्पताल प्रबंधक रजनीश चौधरी को शुभकामनाएं दीं।