मुरादाबाद। कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए जिले में 11 से 14 अप्रैल तक विशेष टीका उत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान 12 अप्रैल को राज्यपाल और मुख्यमंत्री जनप्रतिनिधियों और विभिन्न वर्गों के लोगों को संबोधित करेंगे। यह जानकारी जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति में दी है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर प्रदेश सरकार ने विशेष टीका उत्सव मनाने का निर्णय लिया। इसे सफल बनाने के लिए समाज के विभिन्न वर्गो के साथ जनप्रतिनिधियों, धर्म गुरुओं और प्रबुद्ध नागरिकों को इसमें शामिल करने का निर्देश दिया है। इसको लेकर 12 अप्रैल को शाम पांच बजे से उच्चस्तरीय वेब वार्ता भी होनी है। डीएम ने एनआईसी के मुख्य केन्द्र पर नगर निगम के महापौर एवं नगर पालिकाओं के अध्यक्ष व उपाध्यक्षों को आमंत्रित करने को कहा है। इसके लिए पार्षदों और अधिशासी अधिकारियों को विशेष व्यवस्था कराकर कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए एक बड़े हाल में बैठाया जायेगा और बडी स्क्रीन लगाकर कार्यक्रम में भागीदारी कराई जाएगी। इस दौरान मुख्यमंत्री जनप्रतिनिधियों से वार्ता करेंगे। इसके बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री संबोधित भी करेंगे।