मुरादाबाद। जिला अस्पताल के टीकाकरण केंद्र में पहले टीका लगवाने को लेकर हंगामा हो गया। हंगामा और नोकझोंक होने पर बीस मिनट तक टीकाकरण बंद रहा। गुस्साए लोगों ने स्वास्थ्य कर्मियों से भी दुर्व्यहार किया। हंगामा बाद टीका लगाया गया। शनिवार को सबसे अधिक 318 लोगों का टीकाकरण किया गया।
जिला अस्पताल के टीकाकरण केंद्र में शनिवार दोपहर बाद हंगामा हो गया। लंच के बाद टीकाकरण शुरू किया गया तो भीड़ अधिक होने पर टीका लगाने के लिए दस-दस लोगों को अंदर बुलाया गया। बाकी लोगों को बाहर कर दिया गया। अपना नंबर पहले बताकर कुछ लोग होमगार्ड से बहस करने लगे। दरवाजा खुलवाकर अंदर पहुंच गए। जहां हंगामा शुरू कर दिया। सोशल डिस्टेंस का हवाला देकर स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को बाहर करने की कोशिश की तो वह नोकझोंक करने लगे। इसके बाद टीकाकरण बंद कर दिया गया। बीस मिनट बाद टीकाकरण शुरू किया गया। इस दौरान सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं किया गया। टीकाकरण के प्रभारी डा. बीर सिंह ने बताया कि दोपहर बाद टीका लगवाने के लिए लोगों की भीड़ बढ़ गई। पोर्टल की स्पीड धीमी होने के लिए वेरीफाई करने में समय लग रहा था। इस दौरान पहले टीका लगवाने को लेकर कुछ लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा होने पर पुलिस को सूचना दी गई।