मुरादाबाद। सिविल लाइंस पुलिस ने शुक्रवार को रामगंगा नदी किनारे से सपा पार्षद इदरीश और उनके दो साथियों को गिरफ्तार किया। तीनों यहां बैठकर जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने मौके से ताश की गड्डी और रकम बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मौके से भाग के अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
सीओ सिविल लाइंस आशुतोष तिवारी ने बताया कि सूचना मिली थी कि चक्कर की मिलक मोहल्ले के पास रामगंगा किनारे कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। दूसरे मोहल्ले के लोग भी यहां जुआ खेलने आते हैं। सीओ ने टीम के साथ पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर ली। इसके बाद टीम ने मौके से वार्ड 70 से सपा पार्षद इदरीश निवासी मोहल्ला मुकर्रबपुर चक्कर की मिलक और उनके साथी रईस और फहीम निवासी चक्कर की मिलक थाना सिविल लाइंस को पकड़ लिया। जबकि अन्य आरोपी मौके से भाग निकले। पुलिस सपा पार्षद और अन्य आरोपियों को पकड़कर थाने ले आई। इसकी सूचना मिलने पर सपा के अन्य नेता भी थाने के पर जुट गए। थाने पर तैनात पुलिस कर्मियों से पूछे बिना ही सपा नेता और कार्यकर्ता कार्यालय में घुसने लगे। इस पर थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने फटकार लगाई और उनके खिलाफ भी कार्रवाई के लिए कहा तो वहां से धीरे-धीरे सभी निकलने लगे।
सीओ आशुतोष तिवारी ने बताया कि ताश पत्ते और 17 सौ रुपये बरामद हुए हैं। तीनों के खिलाफ 13 जी एक्ट में केस दर्ज किया गया है।