मुरादाबाद। चरमराई बिजली व्यवस्था और स्मार्ट मीटर के खिलाफ अब जनप्रतिनिधियों ने भी मोर्चा खोल दिया है। लखनऊ में सपा विधायकों का एक प्रतिनिधिमंडल ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग के अपर मुख्य सचिव से मिला। विधायकों ने स्मार्ट मीटरों को पोस्टपेड में बदलने की मांग उठाई। वहीं कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह ने सर्किट हाउस में बैठक कर अधिकारियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति के स्पष्ट निर्देश दिए। कहा कि इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बढ़ती गर्मी के साथ-साथ बिजली की समस्याएं भी बढ़ने लगी हैं। एक तरफ लोग भीषण गर्मी में बिजली कटाैती से परेशान हैं तो दूसरी ओर स्मार्ट मीटर से। बिजली कटाैती औैर स्मार्ट मीटर की समस्या को लेकर लोगों का गुस्सा फूटने लगा है। साथ ही सड़कों पर भी उतरने लगे हैं। इन्हीं समस्याओं को लेकर मुरादाबाद और बिजनाैर जिले के सपा विधायकों ने लखनऊ में ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग के अपर मुख्य सचिव से मुलाकात की।
नजीबाबाद विधायक तसलीम अहमद ने कहा कि उनके क्षेत्र समेत पूरे प्रदेश में लाखों घरों में लगाए गए स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं की औसत मासिक बिजली खपत 100.21 यूनिट बढ़कर 219.15 यूनिट तक पहुंच गई है, जो लगभग 84 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है। इससे आम लोगों को अधिक बिजली बिल का भुगतान करना पड़ रहा है।
विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि कई मामलों में उपभोक्ताओं द्वारा रिचार्ज करने के बावजूद दो-तीन दिन तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पा रही है, जिससे भीषण गर्मी में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा अग्रिम भुगतान और यूनिट गणना में भी गड़बड़ियों की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिन्हें स्थानीय विद्युत विभाग के अधिकारी भी ठीक नहीं कर पा रहे हैं। विधायकों ने मांग की कि जनहित को देखते हुए स्मार्ट प्रीपेड मीटरों को पोस्टपेड मीटर में परिवर्तित करने के निर्देश जारी किए जाएं, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके। प्रतिनिधिमंडल में मुरादाबाद देहात विधायक हाजी नासिर कुरैशी, बिलारी विधायक मोहम्मद फहीम, विधायक मनोज पारस, विधायक रफीक अंसारी शामिल रहे।
00
कुंदरकी क्षेत्र में 11 ट्रांसफार्मरों की बढ़ाई जाएगी क्षमता
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। सर्किट हाउस में कुंदरकी विधानसभा की विद्युत समस्याओं को लेकर विधायक रामवीर सिंह ने शनिवार को अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें क्षेत्र की बिजली समस्याओं पर चर्चा की। विधायक ने कहा कि बिजली आपूर्ति को सुचारू और निर्बाध बनाया जाए। 11 ट्रांसफार्मरों की क्षमता 25 केवीए से 63 केवीए करने, सात स्थानों पर जर्जर लाइनों को बदलने और लो-वोल्टेज की समस्या दूसरे करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कुंदरकी में विद्युत लाइन के विस्तार के लिए 40 खंभों के साथ 1000 मीटर तार उपलब्ध कराने को भी कहा। बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा। इस दाैरान मुख्य अभियंता अशोक चौरसिया, अधीक्षण अभियंता, कुंदरकी क्षेत्र अधिशासी अभियंता, उपखंड अधिकारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष बबलू जाटव, संजय कश्यप, नीरज चंद्रा, महेंद्र सैनी, संजय दिवाकर, अरविंद ठाकुर आदि माैजूद रहे।