कुंदरकी (मुरादाबाद)। विद्युत स्मार्ट मीटर के विरोध में कुंदरकी में महिलाओं ने फिर मोर्चा खोल दिया। उन्होंने शनिवार की दोपहर जाम लगाकर स्मार्ट मीटर हटाने की मांग की और पुराने मीटर लगाने की मांग रखी। पुलिस कर्मियों ने उन्हें समझा कर सड़क से हटाया तो एसडीओ कार्यालय पहुंच गई और जमकर हंगामा किया। एसडीओ के समझाने पर महिलाएं शांत होकर घर लौट गईं
शनिवार की दोपहर स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर लगाने की मांग को लेकर पहले महिलाओं ने कुंदरकी में ब्लॉक कार्यालय के सामने सड़क पर जाम लगा दिया और स्मार्ट मीटर के विरोध में नारेबाजी की। सड़क पर महिलाओं के विरोध प्रदर्शन के दौरान मुरादाबाद और चंदौसी की दिशा से आने वाले वाहनों की लंबी कतारें लग गई। पुलिस ने उन्हें समझाते हुए सड़क से हटा दिया। इसके बाद महिलाओं ने एसडीओ कार्यालय को घेराव कर हंगामा किया। यहां पर स्मार्ट मीटर हटाने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस बीच कुंदरकी एसडीओ दया शंकर ने महिलाओं की समस्या को सुनते हुए बताया कि स्मार्ट मीटर हटवाना उनके अधिकर क्षेत्र में नहीं है, इस संबंध में पहले ही उच्च अधिकारियों को बता दिया गया है।
इस बात पर कुछ महिलाएं बोली अगर हमारी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो घराें से स्मार्ट मीटर उखाड़ कर बिजलीघर को ही ले आएंगी। इन स्मार्ट मीटरों से बिल ज्यादा आ रहा है और बिल जमा नहीं करने पर किसी भी समय बिजली कट जाती है। कुछ महिलाओं ने बोली कि अब मुरादाबाद में जाकर उच्च अधिकारियों से मिलेंगगी। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि महिलाओं ने हंगामा किया था लेकिन उन्हें समझाकर घर भेज दिया गया है।
जैतवाड़ा बिजलीघर पर भी ग्रामीणों ने किया हंगामा
कुंदरकी। शुक्रवार की रात विद्युत स्मार्ट मीटर को लेकर कुंदरकी ब्लॉक के ग्राम अहमद नगर जैतवाड़ा, मोहनपुर, तख्तपुर हाशा समेत अन्य गांवाें के ग्रामीणों ने भी जैतवाड़ा बिजलीघर पहुंच कर स्मार्ट मीटर का विरोध जताया। ग्रामीणों की मांग था कि स्मार्ट मीटर का हटाकर उनके स्थान पर पुराने मीटर ही लगाए जाए क्योंकि स्मार्ट मीटरों से बिल ज्यादा आ रहा है और किसी भी समय बिजली कट हो जाती है। हंगामे के दौरान जैतवाड़ा बिजलीघर पर उस समय केवल विद्युत कर्मी ही मौजूद थे तो ग्रामीणों से कहा कि शनिवार की सुबह में अवर अभियंता से अपनी बात रख सकते हैं जिसके बाद ग्रामीण वापस लौट गए थे। सुरक्षा और शांति को पुलिस कर्मी पहुंच गए थे।