मुरादाबाद। शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों की एक बैठक बैंक्वेट हाल में की गई। जिसमें सपा के शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी हाजी मोहम्मद दानिश अख्तर को जिताने के लिए चुनावी रणनीति तैयार की गई। मंडल प्रभारी विधायक हाजी मोहम्मद फहीम इरफान ने कहा कि शिक्षक समाज राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। हमें गांव-गांव और स्कूल-स्कूल जाकर पात्र शिक्षकों के वोट बनवाने होंगे।
संभल जिले के प्रभारी पूर्व मंत्री अकीलुर्रहमान ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा शिक्षकों और कर्मचारियों के हितों के लिए संघर्ष करती रही है। बिजनौर के प्रभारी विधायक पंकज मलिक ने कहा कि पार्टी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी, हमें बूथ स्तर तक मजबूत टीम तैयारी करनी होगी। एमएलसी प्रत्याशी हाजी मोहम्मद दानिश अख्तर ने कहा कि वह शिक्षक समाज की समस्याओं को मजबूती से विधान परिषद में उठाने का काम करेंगे। इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव तथा जिलाध्यक्ष संभल असगर अली अंसारी के पिता अकबर हुसैन के निधन पर शोक व्यक्त किया गया।
इसमें विधायक तसलीम अंसारी, विधायक राम अवतार सैनी, विधायक स्वामी ओमवेश, विधायक कमाल अख्तर, विधायक समरपाल सिंह, पूर्व विधायक नईमुल हसन, पूर्व विधायक हाजी मोहम्मद रिजवान, इकबाल सुहेल, जिलाध्यक्ष मुरादाबाद जयवीर सिंह यादव, जिलाध्यक्ष संभल असगर अली अंसारी, कृष्ण मुरारी शंखधार, फुरकान अली, रोहिल अल्ताफ आदि शामिल रहे।