समाजवादी पार्टी के स्वार टांडा विधायक अब्दुल्ला आजम खां की गिरफ्तारी एवं सांसद आजम खां के खिलाफ हो रही कार्रवाई के बाद सपा की ओर से आंदोलन का एलान किया गया है। इसके लिए गुरुवार को प्रदेशभर के सपा कार्यकर्ता रामपुर में जुटेंगे। सपा मुखिया अखिलेश यादव भी रामपुर आ सकते हैं। हालांकि, अभी उनके आगमन को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिल सकी है।
मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी में किसानों की जमीनों पर कब्जा करने समेत मदरसा आलिया की किताबें चोरी होने के बाद अब पुलिस प्रशासन की ओर से कार्रवाई तेज कर दी है। इसके लिए दो दिन से यूनिवर्सिटी में छापेमारी की जा रही है। यहां से चोरी की किताबें, फर्नीचर समेत कई चीजें बरामद हुईं हैं। बुधवार को पुलिस ने सांसद आजम खां के पुत्र एवं स्वार टांडा विधायक अब्दुल्ला आजम खां को भी गिरफ्तार कर लिया था।
जैसे ही यह खबर सामने आई तो प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन होने लगे। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भी अपने कार्यकर्ताओं को रामपुर कूच करने के आदेश दे दिया। ऐसे में गुरुवार को प्रदेशभर से सपा कार्यकर्ता रामपुर पहुंचेंगे। समाजवादी पार्टी की ओर से सोशल मीडिया पर जानकारी दी गई है कि गुरुवार एक अगस्त को आजम खां के समर्थन में कई जिलों के सपाई रामपुर में जुटेंगे। इसको लेकर पुलिस प्रशासन ने भी अपनी तैयारी शुरू कर दी है, ताकि माहौल खराब ना होने पाए।
अखिलेश ने बुधवार शाम करीब पांच बजे ट्वीट कर के पार्टी कार्यकर्ताओं को इकट्ठा होने को कहा है। उन्होंने बरेली, पीलीभीत, संभल, बदायूं, अमरोहा, मुरादाबाद और बिजनौर के पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया है कि वे कल हर हाल में रामपुर पहुंचें। पार्टी की तरफ से यह निर्देश अब्दुल्ला आजम के संदर्भ में हो रही पुलिस कार्रवाई को देखते हुए दिए गए हैं।
मालूम हो कि मंगलवार को सांसद आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी में पुलिस ने छापा मारा था, जिसमें मदरसा आलिया से चोरी की गई करीब 2000 किताबें बरामद की गईं थीं। इसके बाद बुधवार को लगातार दूसरे दिन भी छापा पड़ा।
दूसरे दिन विश्वविद्यालय से वो मूर्तियां बरामद की गईं, जो नवाबों के शासन काल में चोरी हो गई थीं। पुलिस ने अब्दुल्ला आजम पर सरकारी कामकाज में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया।