मुरादाबाद। नया मुरादाबाद योजना के तहत एमडीए ने निर्मित सोर्सिंग हब को उत्तर प्रदेश हस्तशिल्प विकास एवं विपणन निगम लि.को हस्तांतरित करने के प्रस्ताव को विभाग द्वारा स्वीकार कर लिया गया है। इसके बाद एमडीए ने सोर्सिग हब और वेयर हाउस कॉम्प्लेक्स को 30 साल के लिए लीज पर दिया गया है।
एमडीए की नया मुरादाबाद योजना के तहत नया मुरादाबाद में सोर्सिंग हब और वेयर हाउस कांप्लेक्स का निर्माण कराया गया था। काफी समय से मांग चल रही थी कि यदि इस स्थान को यूपी हस्तशिल्प विकास एवं विपणन निगम को हस्तांतरित कर दिया जाए, तो निगम द्वारा इसे निर्यातकों की प्रदर्शनी, हस्तशिल्पियों के प्रशिक्षण आदि के प्रयोग किया जा सकता है। निर्यातक भी इसकी मांग कर रहे थे। इस संबंध में प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा गया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया है।
एमडीए ने इसे संस्था को हस्तांतरित कर दिया है। इससे डेढ़ लाख रुपये सालाना आय होगी। एमडीए अधिकारियों का मानना है कि इस हस्तांतरण के बाद से कॉम्प्लेक्स विकसित होगा और यहां हस्तशिल्प कला से जुड़े कारीगरों को एक नया प्लेटफॉर्म मिलेगा।