मुरादाबाद। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि सोनिया ने बाबरी मस्जिद के पक्ष में हलफनामा दिया था। राम के अस्तित्व और रामसेतु को नकारा था। शंकराचार्य की गिरफ्तारी करवाई थी। दस साल बाद एक चाय बेचने वाला देश का प्रधानमंत्री बनता है तो अयोध्या की धरती पर राममंदिर की नींव रखने वाला 70 साल में पहला प्रधानमंत्री होता है।
दिल्ली रोड स्थित एक होटल में मुरादाबाद शहर सीट से भाजपा प्रत्याशी रितेश गुप्ता के समर्थन में कार्यकर्ताओं के संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हमारे आराध्य रामलला को सर्दी, गर्मी, बरसात में 26 साल तक सपा, बसपा और कांग्रेस के कारण टेंट में रहना पड़ा। उन्होंने कहा कि जब अटल प्रधानमंत्री बने तो विपक्ष की सभी पार्टियों समेत सोनिया ने कहा कि अटल जी सांप्रदायिक हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूछा कि क्या कश्मीर से धारा 370 हटाने की बात करना, मंदिर निर्माण की बात करना या भारत माता की जय, वंदे मातरम कहना क्या सांप्रदायिक है। अगर यह सब सांप्रदायिक है तो मैं सांप्रदायिक हूं।
सपा शासनकाल की कानून व्यवस्था का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मुरादाबाद के लोग वह दिन भूले नहीं है जब सपा शासनकाल में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं थी। मुरादाबाद के लोगों के घर के बाहर खड़ी स्कार्पियो, खेत में खड़ा ट्रैक्टर चोर उठा ले जाते थे। मेरठ में जाकर कट जाता था, बिक जाता था। अगर किसी थाने में रिपोर्ट दर्ज हो गई तो रामपुर से मियां जान का फोन आ जाता था तो छोड़ दिया जाता था। जबसे प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है तब से खेत में रखा फावड़ा तक चोरी करने की किसी की हिम्मत नहीं होती। अपराधी या तो जेल में हैं या प्रदेश छोड़ चुके हैं। योगी के इसबार फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के साथ ही बचे खुचे अपराधी भी अपना बोरिया बिस्तर बांधने लगेंगे।
मंच से एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त. गोपाल अंजान, प्रत्याशी रितेश गुप्ता, प्रदेश अनुसूचित जाति जन जाति आयोग की सदस्य साध्वी गीता प्रधान और महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र मिश्रा, महानगर प्रभारी वाईके सिंह ने भी संबोधित किया। संचालन महानगर महामंत्री कमल गुलाटी ने किया। इस मौके पर महानगर मीडिया प्रभारी राहुल सेठी, विधानसभा प्रभारी मोहनलाल सैनी, संयोजक संजय शर्मा आदि मौजूद रहे।
आजम, मुख्तार को छुड़ाने के लिए आने की बात कह रहे अखिलेश
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अखिलेश यादव कह रहे हैं कि मैं आ रहा हूं। उनके आने का मकसद आजम खॉ, मुख्तार अंसारी, अतीक अहमद को जेल से छुड़वाना है जबकि भाजपा गांव के अंतिम छोर पर मौजूद गरीब को घर देने के लिए व उसे सम्मान देने के लिए आने की बात कहती है। उन्होंने कहा कि दलितों के लिए दस लाख से एक करोड़ तक बिना गारंटी लोन देने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया। दलितों का पैर धोने का काम भी नरेंद्र मोदी ने किया। पिछड़ा आयोग भी केंद्र में 70 साल बाद अगर किसी ने बनाया तो नरेंद्र मोदी ने बनाया। उसका चेयरमैन निशाद बिंद को बनाया है। 27 पिछड़ा और दलितों को मंत्री बनाने का काम भी नरेंद्र मोदी सरकार ने किया है।