नव वर्ष पर पार्टी के दौरान जश्न मनाते हुए। संवाद
- फोटो : CITY
मुरादाबाद। नए साल के स्वागत के लिए शहर के लोगों में गजब का उत्साह दिखा। किसी ने यार-दोस्तों के साथ डांस कर धमाल मचाया तो कहीं सुख, शांति, समृद्धि और सभी के स्वास्थ्य की कीमना के लिए प्रार्थना की गई। रात 12 बजते ही घरों में जमकर धूमधड़ाका शुरू हो गया। किसी ने घर में डीजे लगवाया तो किसी ने छत पर दोस्तों के साथ पार्टी की। पूरी रात लोग जश्न में डूबे रहे। वहीं लोगों के मोबाइल में सोशल मीडिया पर नववर्ष के संदेशोंका सैलाब उमड़ आया।
रात्रि कर्फ्यू की बंदिशों के बीच शहर में नए साल का जश्न मनाया गया।नववर्ष के स्वागत को लेकर लोग देर रात तक जागते रहे। रात में 12 बजते ही लोगों ने अपने रिश्तेदारों और दोस्तों को फोन करना शुरू कर दिया। फोन की घंटी घनघनाने लगी। लोगों ने एक-दूसरे को नए साल की मुबारकबाद दी। सोशल मीडिया पर लोगों ने पुराने साल में की गई गलतियों की क्षमा मांगी और डिजीटल ग्रीटिंग, स्टीकर आदि भेजकर एक दूसरे को शुभकामनाएं दीं। घरों में छोटी-छोटी पार्टियों के माध्यम से 2021 को विदाई देकर 2022 का जोरदार स्वागत किया गया। युवाओं ने फिल्मी धुन गानों की धुन पर खूब धमाल मचाया।
उधर तमाम लोग घरों में टीवी पर चिपके रहे। विभिन्न चैनलों पर आ रहे नववर्ष के कार्यक्रमों का आनंद लिया। शुक्रवार को दिन ढलते ही लोगों में न्यू ईयर का खुमार शुरू हो गया था, जोकि रातभर चला। वहीं सुरक्षा के लिहाज से पुलिस अलर्ट रही। मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर सर्कुलेटिंग एरिया और आसपास के होटलों में जीआरपी और आरपीएफ ने डॉग स्कवायड के साथ चेकिंग की। पुलिस ने स्टेशन पर लोगों को संदिग्ध मानकर उनकी तलाशी भी ली।
नव वर्ष पर खुशी का इंजहार करते बच्चे। संवाद- फोटो : CITY